Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Jamshedpur News : भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का निधन, शिलान्यास समारोह में जाने के दौरान पड़ा दिल का दौरा

INT News28 October 2026 at 01:29 pm

जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर मिश्रा का बुधवार को अचानक निधन हो गया. वे भालूबासा के इंद्रानगर स्थित अपने आवास से छायानगर में आयोजित सांसद-विधायक के शिलान्यास समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान घर के बाहर गाड़ी में बैठते समय उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा. उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और शहर के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई.

टाटा मोटर्स अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

चंद्रशेखर मिश्रा के बेटे नवीन मिश्रा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने पिता को सीपीआर देने का प्रयास किया. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. चंद्रशेखर मिश्रा सांसद विद्युत वरण महतो के जनप्रतिनिधि के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. उनके अचानक चले जाने से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक है.

संगठन को मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका

चंद्रशेखर मिश्रा को भाजपा संगठन के अनुभवी और समर्पित नेताओं में गिना जाता था. जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष के रूप में उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी. जिलाध्यक्ष का पद छोड़ने के बाद भी वे संगठन को मार्गदर्शन देते रहे.

अपनी साफ-सुथरी छवि, सहज व्यवहार और बेबाक विचारों के लिए पहचाने जाने वाले चंद्रशेखर मिश्रा कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय थे. पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और संगठनात्मक अनुभव के कारण उन्हें सम्मान की नजर से देखा जाता था.

कई वरिष्ठ नेताओं ने जताया शोक

चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, अधिवक्ता राजेश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और गुंजन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है. नेताओं ने उनके निधन को भाजपा संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जतायी.