समाचार · मध्य प्रदेश
डिलीवरी के बाद 24 वर्षीय महिला की मौत:परिजनों बोले- डॉक्टर-स्टाफ की लापरवाही से गई जान, अस्पताल के बाहर धरना दिया
अशोकनगर के आंवली गांव की 24 वर्षीय आरती कुशवाह की डिलीवरी के बाद मौत हो गई। मायके और ससुराल पक्ष ने जिला अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने महिला की मौत के बाद विरोध भी किया। घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। आरती के भाई नीरज ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर वे शुक्रवार को आरती को जिला अस्पताल लेकर आए थे। शनिवार सुबह से दोपहर तक उन्हें डॉक्टर कीर्ति गोलिया के आने की बात कही जाती रही। पूछने पर कुछ देर में आने का आश्वासन दिया गया। भाई नीरज के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टर कीर्ति गोलिया आईं। कुछ देर बाद आरती ने ऑपरेशन से बेटे को जन्म दिया। उस समय आरती की हालत सामान्य बताई गई थी। इसके कुछ देर बाद स्टाफ ने कहा कि आरती के शरीर में खून की कमी है। बाद में उनकी हालत गंभीर बताकर उन्हें इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया। देर रात परिजनों को उनकी मौत की जानकारी दी गई। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।