Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पुल डूबा...लोग नहीं रुके, उफनती नदी में पकड़ते रहे मछलियां:खिलचीपुर में गाड़गंगा नदी पुल से दो फीट ऊपर बही; बैरिकेड लगाए, फिर भी लोग नहीं रूके

INT News22 July 2026 at 06:48 pm

राजगढ़ के खिलचीपुर में लगातार बारिश के बाद गाड़गंगा नदी उफान पर आ गई। नदी का पानी पुल के ऊपर करीब दो फीट तक बहने लगा। हालात को देखते हुए पुलिस ने पुल के दोनों ओर बैरिकेड लगाकर आवाजाही रोक दी, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों ने जान जोखिम में डालकर पुल पार करने और बहते पानी में उतरने की कोशिश की। पुल पर तेज बहाव के बीच कुछ युवक बहते पानी में खड़े होकर मछलियां पकड़ते नजर आए। वहीं कई लोग पानी के तेज बहाव के बावजूद पैदल ही पुल पार करते रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन कई लोगों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। लगातार बारिश के कारण गाड़गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी का पानी पुल के ऊपर करीब दो फीट तक बहने लगा, जिससे पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया। ऐसे हालात में पुल पार करना बेहद खतरनाक माना जा रहा था। पुलिस ने बैरिकेड लगाए, फिर भी नहीं माने लोग स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पुल के दोनों ओर बैरिकेड लगाकर लोगों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद कुछ लोग बैरिकेड के पास पहुंचकर जोखिम उठाते रहे। प्रशासन का कहना है कि तेज बहाव के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। थाना प्रभारी कमल गेहलोत ने लोगों से अपील की है कि नदी का जलस्तर सामान्य होने तक कोई भी व्यक्ति पुल पार करने या बहते पानी में उतरने की कोशिश न करे। उन्होंने कहा कि कुछ मिनट का इंतजार सुरक्षित है, लेकिन थोड़ी-सी लापरवाही जीवनभर का दर्द दे सकती है। साथ ही याद दिलाया कि हर वर्ष बारिश के मौसम में ऐसे जोखिम के कारण कई हादसे सामने आते हैं।