Thursday, 26 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दीपक टंडन और बरखा 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में:रायपुर कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को भेजा गया जेल

INT News25 November 2026 at 10:17 pm

रायपुर में करोड़ों रुपए की ठगी के आरोपी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर और उसकी पत्नी बरखा टंडन को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कोर्ट ने दोनों को 28 नवंबर तक जेल में रखने का आदेश दिया है। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया था। दंपती के खिलाफ ठगी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है। इससे पहले 23 नवंबर की रात पुलिस दीपक टंडन को लेकर तेलीबांधा स्थित उसके होटल वेलकम श्री पहुंची थी। यहां तलाशी के दौरान पुलिस को महिलाओं के अंडरगारमेंट्स, शराब की बोतलें, कंडोम और सिगरेट के पैकेट मिले। पुलिस के मुताबिक, यह होटल करीब 6 महीने से बंद था। इसके बाद भी कमरों में ये सामान मिला। होटल के अंदर चल रहे स्पा से भी कई संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। पुलिस अब होटल और स्पा में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि होने के एंगल से भी जांच कर रही है। कस्टमर की डायरियों की होगी जांच पुलिस अब कस्टमर की डायरियों में दर्ज नामों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन की जानकारी खंगाल रही है। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची। आपत्तिजनक सामान मिलने पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी समेत 5 लोगों ने दीपक टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में 5 FIR दर्ज कराई थी। इनकी जांच के सिलसिले में पुलिस दीपक टंडन को लेकर होटल पहुंची थी। इस दौरान होटल के अंदर संचालित स्पा की तलाशी ली गई। यहां से लेडीज अंडरगारमेंट्स, शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और दूसरे दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सबूतों की जांच जारी स्पा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन नजर आ रहा है। जांच के दौरान आशंका जताई जा रही है कि होटल में ठहरने वाले लोगों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाए जाते थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जब्त दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। 40 लोगों से ठगी की आशंका पुलिस की पूछताछ में दीपक टंडन पर करीब 35 से 40 लोगों से ठगी करने का संदेह सामने आया है। इनमें आम लोगों के अलावा कारोबारी, नेता और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि दीपक खुद को मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था। इसके लिए वह बड़े नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल करता था। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर दिलाने का भरोसा देकर उनसे रकम लेने की शिकायतें भी सामने आई हैं। SECL में नौकरी और ठेका दिलाने का झांसा देकर ठगी पुलिस जांच में सामने आया है कि दीपक टंडन पर SECL में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी और कोल ट्रांसपोर्ट का ठेका दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने के आरोप हैं। वह खुद को SECL का अधिकारी और CMD बताकर लोगों से संपर्क करता था। पीड़ितों के मुताबिक, आरोपियों से उनकी मुलाकात रायपुर के VIP रोड स्थित होटल वेलकम श्री में भी हुई थी। रकम वापस मांगने पर चेक देने की बात भी सामने आई, लेकिन ये चेक बाउंस हो गए। कुछ पीड़ितों ने पैसे मांगने पर धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। 4 जिलों में 8 FIR, 11 शिकायतों की जांच दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में कुल 8 FIR दर्ज हैं। इनमें 5 मामले रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज हैं, जबकि बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में एक-एक मामला दर्ज है। इसके अलावा 11 अन्य शिकायतों की जांच की जा रही है। हाल ही में दो नए मामलों में कुल 56 लाख रुपए की ठगी की शिकायत सामने आई थी। इनमें एक मैनेजर विकास नागले से 25 लाख रुपए और दूसरे मामले में संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपए लेने के आरोप हैं। SECL ठेका मामले में बिलासपुर जेल से रायपुर लाया गया था दीपक SECL से जुड़े ठगी के मामले में दीपक टंडन को बिलासपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाया गया था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगी थी। अब दीपक और उसकी पत्नी बरखा को 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।