Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Building Collapse: 1 की मौत, 2 गंभीर; मालिक आनंद बंसल पर FIR, कैसे ढही 15 कमरों वाली बिल्डिंग?

INT News6 September 2026 at 06:42 pm

Satya Niketan Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर छात्रों के पीजी के रूप में इस्तेमाल की जा रही पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है. पुलिस, फायर ब्रिगेड, CAT एंबुलेंस और NDRF की टीमें मौके पर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय बेसमेंट में निर्माण कार्य चल रहा था.

?ref_src=twsrc%5Etfw">

इमारत के मालिक आनंद बंसल पर FIR

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक आनंद बंसल के खिलाफ FIR दर्ज की है. बंसल गुरुग्राम का रहने वाला बताया गया है. पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमें बनाई हैं. हालांकि FIR में किन धाराओं का इस्तेमाल किया गया है, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

दोपहर 1.34 बजे मिली थी हादसे की सूचना

दिल्ली पुलिस के अनुसार साउथ कैंपस थाने को दोपहर करीब 1.34 बजे नानकपुरा गुरुद्वारे के पास इमारत गिरने की सूचना मिली. इसके बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया. NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की. संकरी गलियों की वजह से बचाव वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा.

AIIMS में दो घायलों की हालत गंभीर

AIIMS के सूत्रों के मुताबिक हादसे के बाद अस्पताल लाए गए लोगों में एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया. दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है. एक बचावकर्मी को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जिसे बाद में छुट्टी दे दी गई. पुलिस का कहना है कि मलबे में फंसे या घायल लोगों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है.

Hostel Days के नाम से चल रही थी इमारत

अधिकारियों के मुताबिक ढही हुई इमारत को Hostel Days के नाम से जाना जाता था. सत्य निकेतन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के नजदीक है और यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं. स्थानीय निवासी राजेन छेत्री के मुताबिक इमारत में करीब 15 कमरे थे और एक कमरे में दो से तीन छात्र रहते थे. यहां रहने वाले कई छात्र आसपास के दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में पढ़ते थे.

चश्मदीद ने बताया बेसमेंट में चल रहा था काम

एक चश्मदीद के मुताबिक सत्य निकेतन की पुरानी PG बिल्डिंग के बेसमेंट में काम चल रहा था और बारिश के बाद वहां पानी भर गया था. उनका दावा है कि इमारत काफी पुरानी थी और उसमें पांच-छह मंजिलें थीं. उन्होंने करीब 30 से 40 छात्रों के रहने की आशंका जताई. हालांकि इमारत गिरने की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

?ref_src=twsrc%5Etfw">

20 साल से ज्यादा पुरानी बताई जा रही इमारत

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इमारत करीब 20 साल पुरानी थी. इलाके की एक निवासी ने दावा किया कि लंबे समय से इमारत की ठीक से देखभाल नहीं हुई थी. उन्होंने यह भी कहा कि सत्य निकेतन की कई इमारतों को PG में बदल दिया गया है और कई मकान मालिक खुद वहां नहीं रहते.

वीकेंड नहीं होता तो हादसा और बड़ा हो सकता था

एक चश्मदीद ने बताया कि वीकेंड होने के कारण कई छात्र अपने घर गए हुए थे. उनका कहना है कि अगर हादसा किसी कामकाजी दिन हुआ होता तो इमारत में ज्यादा छात्र मौजूद हो सकते थे और नुकसान कहीं अधिक हो सकता था. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने 20 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई है.

Also Read: Video : दिल्ली में इमारत गिरी, प्रत्यक्षदर्शी बोला- लगा जैसे भूकंप आ गया हो, मेरा दोस्त मलबे में फंसा है