समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में सड़क पर आपत्तिजनक हरकत करना पड़ा भारी:2 बाइक पर 5 युवकों को पुलिस ने पकड़ा, पुलिस ने कार्रवाई कर जेल भेजा
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में दो बाइक में 5 युवक सड़क पर स्टंटबाजी करते हुए आपत्तिजनक हरकते रहे थे। तभी इसका वीडियो बनाकर अन्य व्यक्ति के द्वारा थाना में जानकारी दी गई। जिसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर सभी युवकों उनके परिजनों के साथ थाना बुलाया और इसके बाद अपराध कायम कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जारी जेल वारंट पर पांचों युवकों को जेल दाखिल कराया गया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात 2 अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती मोटरसाइकिल पर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करते हुए बेहद आपत्तिजनक व अशोभनीय हरकतें कर रहे थे और उसका वीडियो भी बना रहे थे। युवकों की इन हरकतों को एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर थाना प्रभारी चक्रधरनगर को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान कर उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया।
आरोपियों को जेल भेजा गया
पुलिस ने युवकों को समझाइश दी कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल स्वयं के लिए जानलेवा है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में डालती है। युवकों के सार्वजनिक जगह पर आपत्तिजनक हरकत पर पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ अपराध कायम कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल वारंट जारी होने पर पुलिस ने पांचों को जेल दाखिल कर दिया है।
नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, सुरक्षित आवागमन के लिए है। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी दांव पर न लगाएं। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे कृत्यों पर लगातार नजर रख रही है। सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकत और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्टंटबाजी, आपत्तिजनक हरकत करते ये पकड़े गए
विद्याधर देवांगन 21 साल निवासी संजय नगर सिंधी कॉलोनी पक्की खोली
ऋतिक बरेठ 21 साल निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी थाना चक्रधरनगर
आशीष चैहान 21 साल निवासी संजय नगर बैंक काॅलोनी चक्रधरनगर
आकाश शर्मा 21 वर्ष निवासी पहाड़ मंदिर रोड कौहाकुंडा चक्रधरनगर
मनीष शर्मा 21 साल निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी चक्रधरनगर