समाचार · मध्य प्रदेश
सागर में युवती पर कुल्हाड़ी से हमला, गंभीर:आपसी विवाद को लेकर पड़ोसन ने की मारपीट; थाने में नहीं मिली पुलिस
सागर में मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोमला में पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने 21 वर्षीय युवती पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हुई है। जिसे उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सोना कुर्मी के पिता दिव्यांग हैं। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला आए दिन उनके पिता को ताने मारती थी। घटना वाले दिन जब सोना ने महिला को ऐसा करने से रोका तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने कुल्हाड़ी से युवती के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
घटना के बाद परिजन घायल युवती को लेकर शिकायत दर्ज कराने मोतीनगर थाने पहुंचे। मां का आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे थाने में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और पूरा थाना खाली मिला। उनका कहना है कि घायल युवती करीब आधे घंटे तक थाने के अंदर तड़पती रही। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।