समाचार · हरियाणा
ब्लास्ट के बाद अल-फलाह में MBBS की 200 सीटें फुल:पिछले साल चार सीटें रह गई थीं खाली, नए प्रशासन ने भर्ती, बायोमेट्रिक हाजिरी और पुलिस वेरिफिकेशन कराया
लाल किला ब्लास्ट के बाद आतंकी मॉड्यूल को लेकर हुए डाक्टरों की गिरफ्तारी के बाद देशभर में चर्चा में आई फरीदाबाद के धौज स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी के लिए नया शिक्षा सत्र राहत लेकर आया है। गंभीर आरोपों, जांच एजेंसियों की कार्रवाई और प्रशासनिक बदलाव के बीच संस्थान ने मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में अपनी स्थिति संभालने की कोशिश की है। इस बार यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज में MBBS की निर्धारित सभी 200 सीटों पर दाखिले हुए हैं। पिछले सत्र में 4 सीटें खाली रह गई थीं। प्रबंधन बदलने के बाद व्यवस्था सुधारने पर जोर हरियाणा सरकार ने मार्च 2026 में यूनिवर्सिटी के संचालन की जिम्मेदारी सरकारी प्रशासक को सौंप दी थी। आईएएस अमित कुमार अग्रवाल को प्रशासक नियुक्त किया गया। इसके बाद शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू हुई। जेसी बोस यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार अजय रंगा को अल-फलाह के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। रिकॉर्ड में दर्ज शिक्षकों की वास्तविकता की हुई जांच यूनिवर्सिटी की फैकल्टी व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। जांच में सामने आई अनियमितताओं के बाद ऐसे शिक्षकों को हटाया गया, जिनकी नियुक्ति रिकॉर्ड में तो थी, लेकिन वे नियमित रूप से संस्थान में पढ़ाने नहीं आते थे। नए प्रशासन ने करीब 80 प्रतिशत फैकल्टी पदों पर सार्वजनिक विज्ञापन के जरिए भर्ती प्रक्रिया पूरी की। शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम लागू किया गया है। फिलहाल संस्थान में कोई विदेशी विद्यार्थी नहीं यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच को भी प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन ने विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों का दोबारा पुलिस वेरिफिकेशन कराया। जिन लोगों के दस्तावेज अधूरे मिले, उनका रिकॉर्ड दोबारा पुलिस के पास भेजा गया। प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल संस्थान में कोई विदेशी विद्यार्थी नहीं है। ब्लास्ट की जांच में सामने आए थे यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टर नवंबर 2025 में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट के बाद जांच का दायरा फरीदाबाद तक पहुंचा था। इस मामले में अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टरों के नाम सामने आने के बाद संस्थान भी जांच के केंद्र में आ गया। एनआईए की चार्जशीट में डॉ. उमर उन नबी, डॉ. मुजम्मिल शकील गनई,डॉ. आदिल अहमद राथर, डॉ. शाहीन सईद पर विस्फोटकों और हथियारों से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों के चलते यूनिवर्सिटी की छवि और गतिविधियों पर भी असर पड़ा। संस्थापक की गिरफ्तारी से प्रबंधन पर उठे सवाल यूनिवर्सिटी के संस्थापक और चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी की मनी लॉन्ड्रिंग के दो मामलों में गिरफ्तारी के बाद संस्थान के प्रबंधन को लेकर भी सवाल खड़े हुए। अब सरकारी निगरानी में प्रशासनिक व्यवस्था बदलने के साथ संस्थान को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है। एमबीबीएस की सभी सीटें भरना इस प्रयास के लिए सकारात्मक संकेत है, लेकिन यूनिवर्सिटी के सामने अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता, पारदर्शिता और साख साबित करने की चुनौती अभी बनी हुई है।