समाचार · पंजाब
शिमला की वादियों में घूमे एपीजे के स्टूडेंट्स
जालंधर | एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स के पी.जी. डिपार्टमेंट ऑफ मल्टीमीडिया ने शिमला और आसपास के क्षेत्रों के लिए पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में सीखे सिद्धांतों को व्यावहारिक अनुभव, कलात्मक खोज और वास्तुकला की समझ से जोड़ना था। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हिम चटर्जी द्वारा स्थापित सनत आर्ट गैलरी का भ्रमण किया। यहां उन्होंने समकालीन कला की विभिन्न शैलियों और कार्य प्रक्रिया को नजदीक से देखा तथा यह जाना कि रचनात्मक विचार किस तरह दृश्य कथाओं का स्वरूप लेते हैं। दल ने शिमला के मॉल रोड, जाखू मंदिर और लकड़ी बाजार का भी दौरा किया, जहां शहर की सांस्कृतिक विरासत और वास्तुकला की विशिष्ट पहचान को समझने का अवसर मिला। भ्रमण में कुफरी और एक एडवेंचर रिसॉर्ट भी शामिल रहा, जहां विद्यार्थियों ने गतिविधियों में भाग लिया और लैंडस्केप फोटोग्राफी व प्राकृतिक रोशनी के साथ प्रयोग किया। प्रिंसिपल डॉ. नीरजा ढींगरा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों की रचनात्मकता और दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं। उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर अंकित गोयल, सोनाली बेरी और अमनदीप ठाकुर के प्रयासों की प्रशंसा की।