Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

दूसरे साल भी लाल किले के समारोह में शामिल नहीं हुए राहुल-खरगे, गिरिराज ने उठाए सवाल

INT News15 August 2026 at 12:39 pm

पूरे देश में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है. लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा फहराया और देश को संबोधित किया. लेकिन, इस समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे नजर नहीं आए. इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समारोह में बैठने की व्यवस्था और प्रोटोकॉल को लेकर नाराज थे. इसी वजह से दोनों नेताओं ने लाल किले के कार्यक्रम से दूरी बनाई. बीते साल भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में दोनों नेता शामिल नहीं हुए थे.

राहुल-खरगे के नहीं आने पर बीजेपी ने बोला हमला

बीजेपी ने लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी के शामिल न होने को लेकर जोरदार हमला बोला. पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल की सोच को दिमागी नक्सल मानसिकता वाला बताया. भंडारी ने सोशल मीडिया पर पूछा कि क्या कोई देशभक्त नेता प्रतिपक्ष स्वेच्छा से राष्ट्रीय समारोह से दूरी बना सकता है. उन्होंने राहुल गांधी पर वंदे मातरम् के प्रति नफरत रखने का आरोप भी लगाया.

गिरिराज सिंह बोले- उनका नहीं आना दुर्भाग्यपूर्ण

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के समारोह में शामिल नहीं होने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और खरगे संसद में विपक्ष के अहम पदों पर हैं और स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और उत्सव का मौका है. ऐसे में दोनों नेताओं का लाल किले पर मौजूद नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है.

?ref_src=twsrc%5Etfw">

कांग्रेस मुख्यालय में खरगे ने फहराया तिरंगा

लाल किले के कार्यक्रम से दूर रहने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. ध्वजारोहण के बाद खरगे ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा.

लाल किले से हर चीज का श्रेय खुद लेते हैं पीएम

मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री लाल किले से हर चीज का श्रेय खुद लेते हैं. उन्होंने कहा कि यह अच्छा है कि प्रधानमंत्री अभी यह दावा नहीं करते कि पूरी दुनिया सिर्फ उन्हीं की वजह से चल रही है. खरगे ने दावा किया कि देश में कई बड़े अधिकार आधारित कानून और योजनाएं कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान लागू की गई थीं.

नेहरू, शास्त्री और इंदिरा गांधी का किया जिक्र

खरगे ने कांग्रेस के पुराने नेताओं के योगदान को भी याद किया. उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष भारत की नींव मजबूत की और IIT, IIM तथा सार्वजनिक क्षेत्र की कई संस्थाओं की स्थापना में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के दौर में हरित और श्वेत क्रांति तथा इंदिरा गांधी के समय 1971 के युद्ध और सिक्किम के भारत में विलय का भी जिक्र किया. खरगे ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश के निर्माण में बड़ा योगदान दिया, लेकिन उन्होंने इन उपलब्धियों का व्यक्तिगत श्रेय लेने की कोशिश नहीं की.

Also Read: लाल किले से PM मोदी का ऐलान, 2047 तक 100 GW परमाणु ऊर्जा, पांच नए रिएक्टर