Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पलवल में कांग्रेस नेता राकेश तंवर हाउस अरेस्ट:छात्र आंदोलन के समर्थन में दिल्ली जाने से रोका, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

INT News22 July 2026 at 06:55 pm

दिल्ली में छात्रों के समर्थन में प्रस्तावित कांग्रेस आंदोलन से पहले असंगठित कामगार कर्मचारी कांग्रेस हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस इलेक्शन कमेटी हरियाणा के सदस्य राकेश तंवर को बुधवार सुबह उनके पृथला स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया। गदपुरी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई दिल्ली में छात्र आंदोलन के समर्थन और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध को रोकने के लिए की। बुधवार सुबह भारी संख्या में पुलिस बल राकेश तंवर के पृथला स्थित आवास पर पहुंचा। उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई और किसी भी धरना-प्रदर्शन अथवा आंदोलन में शामिल होने पर रोक लगा दी गई। कांग्रेस कार्यकताओं ने जताई नाराजगी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक उनके आवास पर पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नाराजगी जताई। हालांकि, राकेश तंवर ने सभी से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील करते हुए किसी भी प्रकार के टकराव से बचने की सलाह दी। गौरतलब है कि राकेश तंवर ने एक दिन पहले ही घोषणा की थी कि वह अपने समर्थकों के साथ दिल्ली जाकर छात्र आंदोलन का समर्थन करेंगे। साथ ही, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ लोकतांत्रिक ढंग से विरोध दर्ज कराएंगे। लाठियों का सहारा ले रही सरकार : तंवर तंवर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब छात्रों के सवालों से जवाब नहीं बनता, तब सत्ता लाठियों और गिरफ्तारियों का सहारा लेने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद करने के बजाय विरोध की हर आवाज को दबाने में लगी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को संसद से सड़क तक मजबूती से उठाते रहे हैं। तंवर के अनुसार, राहुल गांधी की छात्र हितैषी सोच और युवाओं के भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से घबराई सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है।