national
अब कैसी है राहुल गांधी पर धक्का देने का आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार की हालत? गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर अस्पताल ने क्या कहा

सोमवार को सुप्रीम कोर्ट परिसर में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर एक तीन महीने की गर्भवती पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है. जिसको लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है, वहीं कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे बीजेपी का राजनीतिक दुष्प्रचार बताया है.
कौन है वो महिला पत्रकार ?
महिला पत्रकार की पहचान ऋचा पराशर के रूप में हुई है. उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि प्रदर्शन की कवरेज के दौरान राहुल गांधी ने उनका हाथ खींचा और उन्हें धक्का दिया. उनका कहना है कि वह तीन महीने की गर्भवती हैं. घटना के दौरान उन्होंने अपने हाथ से खुद को और गर्भ में पल रहे बच्चे को बचाने की कोशिश की. ऋचा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें किसी तरह की मदद नहीं मिली. उन्होंने राहुल गांधी से इस मामले में देश की महिलाओं से माफी मांगने की मांग की है.
अस्पताल में हुई जांच, डॉक्टर ने क्या बताया?
ऋचा पराशर को सोमवार रात करीब 10 बजे दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि भर्ती से पहले उनकी जांच की गई थी. डॉक्टर के मुताबिक, एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में रखा गया.
स्त्री रोग विशेषज्ञों ने उनकी स्थिति का आकलन किया और अल्ट्रासाउंड भी किया गया. जांच में गर्भस्थ शिशु की स्थिति सामान्य पाई गई. मंगलवार सुबह दोबारा जांच में भी कोई परेशानी सामने नहीं आई. डॉक्टर ने बताया कि पत्रकार की हालत स्थिर है और वह घर जाने के लिए तैयार हैं.
बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने राहुल गांधी पर महिला पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया था. भंडारी का दावा है कि राहुल गांधी ने पत्रकार को कंधे से पकड़कर खींचा और धक्का दिया. दूसरी ओर, कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है. कांग्रेस नेता अलका लांबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना के समय और अस्पताल पहुंचने को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने मामले को राजनीतिक प्रचार का रूप देने का आरोप भी लगाया.
ये भी पढ़ें: अभिजीत दीपके का दिल्ली पुलिस पर आरोप, कहा- सौरव और आशुतोष को किडनैप किया, अब वकील से नहीं दे रहे मिलने