Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कुंडेश्वर नदी में तेज बहाव के बीच नहाते दिखे बच्चे:टीकमगढ़ में 24 घंटे में औसत 1.3 इंच बारिश; बान सुजारा बांध 39% भरा

INT News15 August 2026 at 12:48 pm

टीकमगढ़ जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 1.3 इंच बारिश दर्ज की गई। पलेरा तहसील में सबसे ज्यादा 3 इंच (77 मिमी) बारिश हुई। बारिश के बाद कुंडेश्वर की जमडार नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। इसके बावजूद घाट पर सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आए और बच्चे नदी में नहाते दिखाई दिए। पलेरा में सबसे ज्यादा बारिश भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में पलेरा में 77 मिमी, मोहनगढ़ में 50 मिमी और टीकमगढ़ तहसील में 43 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बड़ागांव, बल्देवगढ़ और खरगापुर में भी 1 इंच से अधिक बारिश हुई। वहीं जतारा और लिधौरा में बारिश दर्ज नहीं हुई। जिले में अब तक औसतन 15.6 इंच बारिश हो चुकी है। पिछले साल इसी अवधि तक 45.3 इंच बारिश दर्ज की गई थी। इस लिहाज से इस साल अब तक करीब 30 इंच कम बारिश हुई है। बारिश के बाद कुंडेश्वर स्थित जमडार नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। इसके बावजूद घाट पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखाई दी। यहां छोटे बच्चे नदी में नहाते नजर आए। कुंडेश्वर में पहले भी नदी में डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में तेज बहाव के बीच बच्चों का नदी में उतरना जोखिम भरा है। सुजारा बांध 39% भरा, आज बारिश की संभावना कम बारिश का असर बान सुजारा बांध के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है। बांध फिलहाल 39 प्रतिशत भरा है। धसान नदी से पानी की आवक निरंक है और बांध के सभी 12 गेट बंद हैं। इस बारिश के मौसम में अब तक बांध के गेट एक बार भी नहीं खोले गए हैं। शनिवार सुबह से जिले में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दोपहर बाद बारिश की संभावना जताई है। आगामी बारिश से नदी-नालों के जलस्तर और बांध की स्थिति में बदलाव हो सकता है।