Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कोरबा के घर में एक साथ मिले दो अहिराज सांप:प्रजनन अवस्था में थे नर-मादा सांप, सुरक्षित रेस्क्यू कर घने जंगल में छोड़ा

INT News28 October 2026 at 01:27 pm

कोरबा शहर के दादर क्षेत्र में एक घर के अंदर एक साथ दो अत्यंत विषैले अहिराज सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सांपों को एक साथ देखकर परिवार के लोग घबरा गए और वन विभाग के साथ वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर को सूचना दी। मौके पर पहुंचे टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने स्थिति का जायजा लिया। दोनों सांप प्रजनन अवस्था में थे, इसलिए उन्हें जबरन अलग करने के बजाय प्राकृतिक रूप से अलग होने तक इंतजार किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों सांप अलग हुए, जिसके बाद उनका सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया। प्रजनन अवस्था में थे दोनों सांप जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 8:30 बजे की है। घर के अंदर एक साथ दो सांप दिखाई देने पर परिजनों ने तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जितेंद्र सारथी ने देखा कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें जबरन अलग करना खतरनाक हो सकता था। उन्होंने परिवार के लोगों को स्थिति समझाते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। इसके बाद सांपों के प्राकृतिक रूप से अलग होने तक इंतजार किया गया और घर के आसपास निगरानी रखी गई। डेढ़ घंटे बाद दोनों का सुरक्षित रेस्क्यू करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद नर और मादा सांप अपने आप अलग हो गए। इसके बाद जितेंद्र सारथी ने सावधानीपूर्वक दोनों का एक-एक कर रेस्क्यू किया। सांपों को सुरक्षित डिब्बों में रखने के बाद वन विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। बाद में दोनों को उनके प्राकृतिक रहवास यानी घने जंगल में छोड़ दिया गया। भारत के विषैले सांपों में शामिल है अहिराज जितेंद्र सारथी ने बताया कि Banded Krait को छत्तीसगढ़ में अहिराज कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है। यह भारत में पाए जाने वाले अत्यंत विषैले सांपों में शामिल है। इसके शरीर पर काली और पीली चमकदार पट्टियां होती हैं। यह मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है और आमतौर पर इंसानों से दूरी बनाए रखता है। उन्होंने बताया कि प्रजनन के दौरान इस तरह नर और मादा सांपों का एक साथ दिखाई देना सामान्य नहीं है। ऐसी स्थिति में उन्हें छेड़ना या जबरन अलग करने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है। इसलिए धैर्य रखते हुए वैज्ञानिक समझ के साथ रेस्क्यू करना जरूरी है। सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और सही समय पर लिया गया निर्णय इंसानों और प्रकृति, दोनों की सुरक्षा के लिए जरूरी है।