समाचार · बिहार
कौन हैं मधुबनी के DM आनंद शर्मा? सोशल मीडिया पर वायरल, महिला ने खींचा कॉलर फिर भी नहीं खोया आपा

IAS Anand Sharma: बिहार के मधुबनी जिले के डीएम आनंद शर्मा इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. यूजर्स उनके धैर्य की सराहना कर रहे हैं. जिले के बाबूबरही प्रखंड के बलिराजगढ़ में एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने अपनी पिस्टल से फायरिंग की. गोली गांव के निवासी अशोक यादव को लगी और उनकी मौत हो गई. तीन लोग घायल भी हो गए. इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने के लिए मिला.
पीड़ित परिजनों से खुद मिलने पहुंचे डीएम
घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. सड़क जाम कर दिया गया. इस दौरान पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए जिले के डीएम आनंद शर्मा पहुंचे. लेकिन ग्रामीणों की ओर से उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा. इतना ही नहीं, इस दौरान एक महिला ने गुस्से में डीएम आनंद शर्मा का कॉलर तक पकड़ लिया. लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना आपा नहीं खोया और धैर्य बनाए रखा. इस वाकये से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा.
मधुबनी के DM आनंद शर्मा के बारे में जानिए
मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा के बारे में बात करें तो, वे 2013 बैच के अधिकारी हैं. आनंद शर्मा मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. उन्होंने कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया. इसके बाद एमबीए के लिए वे दिल्ली चले गए. इतना ही नहीं, वे विदेश भी गए. जर्मनी में उन्होंने जॉब किया. लेकिन उनके पिता की इच्छा थी कि वे सरकारी जॉब करें. इसके बाद ही वे भारतीय प्रशासनिक सेवा में आए.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आनंद शर्मा 2025 से मधुबनी के डीएम हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से उन्हें सम्मान भी मिल चुका है. कई पदों पर बिहार में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली है. सबसे पहले उन्होंने एडीएम/एसडीओ के पद पर जिम्मेदारी निभाई. इसके बाद वे बिहार पर्यटन विकास निगम में मैनेजिंग डायरेक्टर, असिस्टेंट सेक्रेटरी, डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर समेत अन्य पदों पर योगदान दे चुके हैं.
मौके पर क्या हुआ?
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में डीएम ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण माहौल में बातचीत की. उन्होंने आरोपित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया. इसके बाद डीएम और एसपी मृतक अशोक यादव के घर पहुंचे. वहां वे मृतक की पत्नी अश्मिता देवी से बात कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया.
Also Read: बिहार में चक्रवाती तूफान मुरासु का खतरा? 9 नवंबर तक के लिए पूर्वानुमान, जानिए अपने जिले का हाल