समाचार · मध्य प्रदेश
बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय महापुरुषों को करेंगे याद:बड़वानी के चाचरिया और निवाली में कार्यक्रम, निवाली में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का होगा अनावरण
बड़वानी में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत जिले में करीब एक सप्ताह तक कार्यक्रम होंगे। चाचरिया और निवाली में विशेष आयोजन किए जाएंगे। निवाली में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण भी होगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए बुधवार शाम प्रेस वार्ता हुई। इसमें भाजपा प्रदेश महामंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी और जिला अध्यक्ष अजय यादव मौजूद थे। जनजातीय महापुरुषों के इतिहास से युवाओं को जोड़ेंगे डॉ. सोलंकी ने बताया कि आयोजन जनजाति समाज के साथ सभी समाजों के लिए है। इसमें भगवान बिरसा मुंडा के साथ संत टंट्या मामा भील, भीमा नायक, रघुनाथ शाह और शंकर शाह जैसे जनजातीय महापुरुषों को याद किया जाएगा। जनजातीय अस्मिता, पहचान, लोक कला-संस्कृति और समग्र विकास पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का इतिहास युवा पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि यह केवल फाइलों और अखबारों तक सीमित न रहे। मध्यप्रदेश में मालवा-निमाड़, जबलपुर और शहडोल में विशेष आयोजन होंगे। शहडोल में राज्यस्तरीय कार्यक्रम होगा। इसके अलावा जिला मुख्यालय और विधानसभा स्तर पर भी दिवस मनाया जाएगा। स्थानीय कार्यक्रमों में जनजातीय समाज सहित अन्य समाजों के गौरवशाली व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।