Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नर्मदापुरम के बांद्राभान मेले के 200 साल पूरे:22 नवंबर से जुटेंगे 5 लाख श्रद्धालु, 22 से 26 नवंबर तक चलेगा मेला

INT News1 November 2026 at 06:52 pm

नर्मदापुरम से 8 किलोमीटर दूर मां नर्मदा और तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में कार्तिक पूर्णिमा पर 22 नवंबर से मेला लगेगा। 26 नवंबर तक चलने वाले इस मेले के 200 साल 2026 में पूरे हो रहे हैं। मेले में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। तैयारियों को लेकर कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने रविवार को अधिकारियों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा से लेकर पेयजल, सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं तक के इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे होमगार्ड और गोताखोर कलेक्टर ने मेला अवधि में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने पार्किंग और परमिट से जुड़ी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। मेले में होमगार्ड जवानों की टीम और गोताखोर भी तैनात रहेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी के साथ मुस्तैद रहने को कहा गया है। दुकानों और झूलों की होगी सुरक्षा जांच कलेक्टर ने मेला स्थल पर लगने वाली दुकानों के बिजली कनेक्शन और झूलों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झूलों और बिजली कनेक्शन का सुरक्षा प्रमाणन जरूरी है। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मेला स्थल पर दुकानों के लिए व्यवस्थित लेआउट तैयार किया जाएगा। दुकान आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होगी। मेला पहुंच मार्ग की मरम्मत जल्द पूरी करने और जरूरत वाले स्थानों पर मुरम-बजरी डालकर जमीन समतल करने के निर्देश भी दिए गए। पेयजल, शौचालय और सफाई की रहेगी व्यवस्था मेला स्थल पर बैरिकेडिंग, पेयजल और चलित शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और अलग-अलग स्थानों पर नल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मेले में लगने वाली दुकानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच करेंगे। आबकारी विभाग शिविर लगाकर जांच करेगा, ताकि मेले में मादक पदार्थों की बिक्री न हो। सफाई के लिए दिन में अलग-अलग समय पर व्यवस्था की जाएगी। कचरा गाड़ी से कचरे को तय स्थान पर पहुंचाया जाएगा। महिलाओं के लिए बनेंगे चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम भी होगा महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। बिजली जाने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र में अनाउंसमेंट सिस्टम और कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी और प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट रखी जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। पांच मुख्य मार्गों की होगी मरम्मत कलेक्टर ने खनिज विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) को समन्वय से बांद्राभान पहुंचने वाले पांच मुख्य मार्गों की मरम्मत कराने को कहा। मुख्य मार्ग पर दिन में अलग-अलग समय पर पानी का छिड़काव भी किया जाएगा, ताकि धूल से श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। उन्होंने सभी विभागों को मेला शुरू होने से पहले तैयारियां पूरी करने और एक दिन पहले व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।