समाचार · झारखंड
रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में सुधरेगी नेटवर्क कनेक्टिविटी, डीसी ने दिए सर्वे के निर्देश

रामगढ़: चुट्टूपालू घाटी में मोबाइल नेटवर्क की समस्या जल्द दूर करने की कवायद शुरू हो गई है. सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को घाटी क्षेत्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सामने आया कि घाटी क्षेत्र में मोबाइल टावर नहीं होने के कारण नेटवर्क कनेक्टिविटी बाधित रहती है. इससे दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव टीम को समय पर सूचना पहुंचाने में परेशानी होती है.
जियो की तकनीकी टीम करेगी उपयुक्त स्थल का सर्वे
नेटवर्क की समस्या दूर करने और आपातकालीन सेवाओं के रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाने के लिए उपायुक्त ने जियो की तकनीकी टीम को नया मोबाइल टावर लगाने के लिए उपयुक्त स्थल का सर्वे करने का निर्देश दिया. उन्होंने टीम से जल्द विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि टावर लगाने की प्रक्रिया में बिना किसी देरी के आगे की कार्रवाई की जा सके.
ये भी पढ़ें- चिंगड़ी मछली के पापड़ और 'जल परी' का जलवा, यहां मेले में हर चीज अनोखी, पढ़ें पूरी खबर
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की भी होगी पहचान
निरीक्षण के दौरान घाटी में नेटवर्क कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान और सुरक्षा के अन्य उपायों पर भी चर्चा की गयी. प्रशासन का उद्देश्य दुर्घटना की स्थिति में पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव दल तक सूचना जल्द पहुंचाना और प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है. निरीक्षण के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी रामगढ़ नीतीश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, डीपीओ यूआईडी आरती पंकज, अंचल अधिकारी रामगढ़, जियो की तकनीकी टीम और जिला प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.