समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में सनरूफ खोलकर हुड़दंगबाजी करने वाले तीनों रईसजादे पकड़े:तेज म्यूजिक बजाकर राहगीरों से बदतमीजी, लोगों ने लठ दिखाकर खदेड़ा था
गुरुग्राम में सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में कार की सनरूफ से बाहर निकलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाने, हाथ लहराकर शोर मचाने और एक परिवार के साथ बदतमीजी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ओल्ड गुरुग्राम गांव के 12 बिस्वा निवासी प्रवीन कुमार (18 वर्ष), दिव्यांश (22 वर्ष), सेक्टर-12 राजीव नगर निवासी यश (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन हुड़दंगबाजों के कब्जे से वारदात के समय इस्तेमाल की गई सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार भी बरामद कर ली है। पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद जब तीनों आरोपियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने दोस्तों के साथ मिलकर केवल शौक और रसूख दिखाने के चक्कर में कार की सनरूफ खोलकर, तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए और खिड़कियों से हाथ लहराकर हुड़दंगबाजी कर रहे थे। हुड़दंगबाजी करते हुए गली से निकल रहे थे स्थानीय निवासी बिट्टू कटारिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 8:02 बजे की है। ओल्ड गुरुग्राम में एक क्रेटा कार आई। उसमें तेज आवाज में गाने बज रहे थे। इससे आसपास मौजूद राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी हुई। कार में सवार कुछ युवक सनरूफ खोलकर बाहर निकल आए और छत पर बैठकर हुड़दंग करने लगे। वे लापरवाही से कार चलाते हुए सड़क पर मौजूद दूसरे वाहनों को डराने का प्रयास कर रहे थे। महिला-बच्चों से बदतमीजी का आरोप शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी दौरान उनके छोटे भाई कुलताज के कुछ रिश्तेदार अपनी कार से वहां पहुंचे। कार में एक महिला और दो छोटे बच्चे भी सवार थे। आरोप है कि क्रेटा सवार युवकों ने अपनी गाड़ी उनके पास रोककर महिला और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार किया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बच्चे डर गए। इसके बाद युवक कार दौड़ाकर मौके से फरार हो गए। परिजन लाठी लेकर बाहर निकले रिश्तेदारों के साथ बदतमीजी होते देख परिवार के लोग गुस्से में आ गए। वे लाठी लेकर बाहर निकले और युवकों को खदेड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार के लोग महिला और बच्चों को सुरक्षित घर लेकर आए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में कार का नंबर और उसमें सवार युवकों के चेहरे दिखाई दे रहे हैं। 24 घंटे के भीतर पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सैक्टर-5 थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट्स और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से गाड़ी का रूट ट्रैक किया। पुलिस ने जाल बिछाकर वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। हुड़दंगबाजों को पुलिस की दो टूक
पुलिस अधिकारियों ने शहर के युवाओं और वाहन चालकों के लिए एक सख्त संदेश जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों या रिहायशी इलाकों में हुड़दंगबाजी करने, तेज आवाज में डीजे या म्यूजिक बजाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। सोशल मीडिया पर निगरानी कर रही पुलिस पुलिस सोशल मीडिया और कैमरों के जरिए ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी यदि कोई इस तरह की अभद्रता या स्टंटबाजी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और गाड़ियां सीधे सीज की जाएंगी।