समाचार · हरियाणा
डबवाली में लेंटर मिक्सर मशीन गिरकर व्यक्ति की मौत:टायर के नीचे आने से कुचला गया, अचानक बिगड़ा संतुलन, काम के लिए जा रहा
सिरसा जिले के डबवाली शहर में एक मजदूर की लेंटर मिक्सर मशीन से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा बुधवार को बठिंडा रोड पर हुआ। मशीन के टायर के नीचे आने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक की पहचान 37 साल के बिंदर सिंह के तौर पर हुई है। वह मंडी डबवाली के रहने वाले थे और बिंदर सिंह दूल्ला सिंह के बेटे थे। बिंदर सिंह लेंटर मिक्सर मशीन पर खड़े थे। डबवाली से पथराला की ओर जाते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। नीचे गिरते ही वह मशीन के टायर की चपेट में आ गए। काम करने के लिए जा रहा था हादसे के बाद साथ मौजूद लोगों ने बिंदर सिंह को संभाला। उन्होंने मंडी डबवाली एम्बुलेंस सेवा ट्रस्ट को सूचना दी। एम्बुलेंस ड्राइवर कुलवंत सिंह मौके पर पहुंचे और घायल मजदूर को उपमंडल अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिवार वाले अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा किन हालात में हुआ।