Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई यात्रियों से भरी ट्रैवलर, 24 की मौत

INT News13 November 2026 at 05:31 pm

Kaziranga Road Accident: असम के काजीरंगा में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया. रोंगाजन इलाके में यात्रियों से भरी टेम्पो-ट्रैवलर की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गये. हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई है. वाहन में ज्यादातर यात्रियों के छात्र होने की बात सामने आ रही है. हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया.

बोकाखात से नगांव जा रही थी यात्रियों से भरी गाड़ी

पुलिस के मुताबिक, ट्रैवलर बोकाखात से नगांव की ओर जा रही थी. इसी दौरान रोंगाजन के पास सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई. बताया जा रहा है कि वाहन में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे. इनमें ज्यादातर छात्र शामिल थे.

टक्कर के बाद मलबे में फंसे कई यात्री

इस भयानक हादसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए. स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया. क्षतिग्रस्त गाड़ी से यात्रियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे में घायल लोगों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी रहा. वहीं, बचाव दल घटनास्थल पर फंसे यात्रियों को निकालने में जुटा रहा.

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने शुरुआती जानकारी में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका जताई. उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला जा रहा था और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

मंत्री अतुल बोरा ने संभाली राहत-बचाव की कमान

हादसे की जानकारी मिलने के बाद असम सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे. वे स्थानीय विधायक भी हैं. उन्होंने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया. प्रशासन की टीम घायलों को अस्पताल पहुंचाने और घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी रही.

ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: 14 नवंबर को दिल्ली, यूपी-बिहार समेत 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 75 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं