Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

YouTube देखकर रची हत्या की साजिश: पत्नी ने पति को इडली में दिया जहर, फिर प्रेमी संग मिलकर घोंटा गला

INT News25 October 2026 at 06:45 pm

कर्नाटक के मैसूर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप लगा है. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, पहले पति को जहरीला पदार्थ खिलाने की कोशिश की गई और फिर कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई. मामले में आरोपी पत्नी पवित्रा और उसके प्रेमी सुनील को गिरफ्तार किया गया है.

अवैध संबंध बना हत्या की वजह?

यह मामला मैसूर जिले के हुनसूर तालुक की विनोबा कॉलोनी का है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय रामप्रसाद के रूप में हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, रामप्रसाद की शादी पवित्रा से हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं. आरोप है कि पवित्रा का सुनील के साथ प्रेम संबंध था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था.

YouTube से जानकारी लेकर रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी पवित्रा ने YouTube पर धतूरे के जहरीले बीजों से जुड़ी जानकारी देखी थी. फिर 16 अक्टूबर की रात पति रामप्रसाद के घर लौटने पर उसने इडली में धतूरे के बीजों का पाउडर मिलाकर खिला दिया. हालांकि, इससे रामप्रसाद की मौत नहीं हुई.

प्रेमी को बुलाकर की पति की हत्या

जहर देने की कोशिश नाकाम होने के बाद पत्नी पवित्रा ने अपने प्रेमी सुनील को घर बुलाया. इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर रामप्रसाद का गला घोंट दिया. उसकी मौत के बाद पवित्रा ने परिजनों को बताया कि दही खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद में अंतिम संस्कार भी कर दिया गया.

ग्रामीणों के शक से खुला राज

ग्रामीणों ने मृतक के भाई को घटना वाली रात पवित्रा को सुनील के घर जाते देखने की बात बताई. इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई. पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले में आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: कूचबिहार बॉर्डर पर बवाल: BSF जवानों पर लाठी-पत्थरों से हमला, जवाब में चला साउंड ग्रेनेड