समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया विधायक घनश्याम सिंह ने ली शपथ:विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने दिलाई शपथ, पूर्व सीएम दिग्विजय समेत कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
दतिया विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक कुंवर घनश्याम सिंह ने रविवार को मध्यप्रदेश विधानसभा भवन में विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अपने कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें विधानसभा सदस्य के रूप में पद और दायित्व की शपथ दिलाई। इसके साथ ही घनश्याम सिंह की नई जिम्मेदारी की औपचारिक शुरुआत हुई। शपथ से पहले अध्यक्ष को भेंट किया पुष्पगुच्छ और प्रसाद शपथ ग्रहण से पहले घनश्याम सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मां पीताम्बरा की तस्वीर और प्रसाद भी विधानसभा अध्यक्ष को भेंट किया। शपथ के बाद विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने घनश्याम सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट किया और अंगवस्त्र पहनाकर शुभकामनाएं दीं। विधानसभा की ओर से नवनिर्वाचित विधायक को लैपटॉप सहित अन्य जरूरी सामग्री भी दी गई। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, प्रियव्रत सिंह, जयवर्धन सिंह, महेंद्र बौद्ध, प्रभू सिंह ठाकुर और विधायक फूल सिंह बरैया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, दतिया महाराजा अरुणादित्य देव, राजेश्वर शरण सिंह देव, माण्डवी कुमारी, जिला संगठन प्रभारी, पीसीसी महासचिव प्रशासन राजीव सिंह, कांग्रेस महासचिव अवधेश नायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा सहित कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।