Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खुदाई के बाद सड़क-पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हुई:वार्डवासियों ने CMO से की शिकायत; 3 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

INT News29 October 2026 at 04:47 pm

बड़वानी के वार्ड 20, 21 और 22 में ड्रेनेज और पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी। मरम्मत नहीं होने से रहवासी धूल और दूषित पानी की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने गुरुवार दोपहर नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को शिकायत पत्र देकर समाधान की मांग की। शिकायत के मुताबिक, यह मार्ग बड़वानी, पाटी, खेतिया और भवती आने-जाने का प्रमुख रास्ता है। यहां 24 घंटे यातायात रहता है। ड्रेनेज लाइन डालने वाली कंपनी ने सड़क खोदी थी। इसके बाद पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए भी खुदाई की गई। इससे घरों में पानी पहुंचाने वाले कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए। रहवासियों का कहना है कि खुदाई के बाद पानी की सप्लाई कम हो गई है। कई उपभोक्ताओं को मुश्किल से 10 से 15 मिनट पानी मिल रहा है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन ठीक नहीं होने से दूषित पानी आने की शिकायत भी की गई है। रहवासियों के मुताबिक, उन्होंने जल वितरण के कर्मचारियों को कई बार बताया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। सड़क की मरम्मत नहीं होने से दिनभर धूल उड़ती है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। रहवासियों ने धूल से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई और सड़क की मरम्मत की मांग की। शिकायतकर्ताओं में जितेंद्र कुमावत सहित वार्ड के रहवासी शामिल हैं। उन्होंने तीन दिन में पाइपलाइन ठीक करने, नियमित और साफ पानी देने तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। समाधान ना मिलने पर आंदोलन करने की चेतावनी रहवासियों ने चेतावनी दी है कि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो वार्ड 20, 21 और 22 के लोग आंदोलन करेंगे। उन्होंने नगर पालिका और खुदाई करने वाली कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।