समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में बंद गोदाम के भीतर बारदाने में लगी आग:12 साल पुराने बारदाने, दमकल की गाड़ी आग बुझाने में जूटी, थाना में की गई शिकायत
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के सुर्री में बारदाने गोदाम में अचानक से आग लग गई। आग सुबह इसकी जानकारी होने के बाद मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई। जहां आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया गया और लगभग आग पर काबू पा लिया गया। वहीं बारदाने कई साल पुराने अनुपयोगी बताए जा रहे हैं। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पुसौर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सुर्री के पास स्थित एक बारदाना गोदाम में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग का धुंआ देखकर मामले की जानकारी विपणन विभाग को दी गई। ऐसे में दमकल विभाग को सूचना मिलते ही तत्काल दमकल वाहन की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। जहां बताया जा रहा है कि लगभग आग पर काबू पा लिया गया है, पर बारदाना होने के कारण धुंआ अभी भी उठ रहा है।
बंद पड़ा था गोदाम
बताया जा रहा है कि गोदाम बंद था और वहां करीब 10-12 साल के अनुपयोगी बारदाने रखे हुए थे। ऐसे में आग लगने का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आग को बुझाने के लिए शटर को भी तोड़ा गया। बताया जा रहा है कि रिकार्ड के अनुसार लाखों अनुपयोगी बारदाने थे और उसका बीमा था। कितना बारदाने जल गए हैं, अभी यह आकड़ा नहीं आ सका है।
थाना में लिखित शिकायत की गई
इस संबंध में जिला विपनण अधिकारी जाहनवी जैन ने बताया कि आग को बुझाने के लिए तत्काल फायर ब्रिगेड पहुंची। करीब 12 साल पुराने अनुपयोगी बारदाने थे। बंद गोदाम के भीतर रखे बारदाने में आग लगी है। आग लगने का कारण अभी नहीं आ सका है। मामले की लिखित में पुसौर थाना में शिकायत कर FIR दर्ज करने की मांग की गई है।