Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

जमीन में गड़ा मिला नक्सलियों का 39.77 लाख कैश:बीजापुर में 13 लाख इनामी 2 नक्सलियों का सरेंडर, सुकमा में बंदूकें, टिफिन-बम और हैंड-ग्रेनेड बरामद

INT News25 November 2026 at 06:55 pm

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान तीन बड़ी सफलताएं मिली हैं। बीजापुर के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपए बरामद हुए हैं। वहीं, सुकमा में नक्सलियों का हथियार और विस्फोटक सामग्री से भरा डम्प मिला है। इसमें 8 देसी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन बम और हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। दूसरी ओर, ओडिशा में सक्रिय 13 लाख रुपए की इनामी महिला समेत दो नक्सलियों ने बीजापुर पुलिस के सामने सरेंडर किया है। बीजापुर में जमीन के नीचे मिला 39.77 लाख कैश बीजापुर के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 39 लाख 77 हजार रुपए बरामद किए हैं। रकम 500-500 रुपए के नोटों में थी। पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को मुखबिर से जंगल में संदिग्ध सामान छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर DRG, भैरमगढ़ थाना पुलिस और BDS की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। बोरी में छिपाकर रखा था स्टील का डिब्बा सर्चिंग के दौरान BDS टीम को जमीन के अंदर बोरी में छिपाया गया स्टील का डिब्बा मिला। डिब्बे में टेप से लिपटे पैकेट रखे थे। जांच करने पर इनमें 500-500 रुपए के नोट मिले। पुलिस के अनुसार, बीजापुर में पहले की कार्रवाइयों में 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपए कैश और 8.5 किलो सोना बरामद किया जा चुका है। ताजा बरामदगी के बाद नक्सली डम्प से मिले कैश का आंकड़ा और बढ़ गया है। ओडिशा में सक्रिय इनामी महिला समेत 2 नक्सलियों ने किया सरेंडर बीजापुर में ही बुधवार, 25 नवंबर को ओडिशा में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें नागमणि कुड़मे उर्फ शीला (32) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26) शामिल हैं। इन दोनों पर कुल 13 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, नागमणि संगठन में CyPCM और गंगा ACM रैंक पर सक्रिय था। 2006 से संगठन में सक्रिय थी नागमणि पुलिस के अनुसार, नागमणि बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के चिपुरभट्टी की रहने वाली है। वह 2006-07 में गांधी ताती उर्फ हरबू के जरिए PLGA सदस्य के रूप में संगठन में शामिल हुई थी। 2009 में उसे ACM, 2016 में DVCM और 2021 में ओडिशा राज्य की कंपनी नंबर 08 में CyPCM की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने बताया कि नागमणि छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कई माओवादी घटनाओं और मुठभेड़ों में शामिल रही है। इनमें 2011 की तिमापुर-चिंतलनार घटना, 2022 में ओडिशा के दड़ाईपानी और गरियाबंद जिले के ओड़ क्षेत्र की मुठभेड़ तथा 2024 में ओडिशा के कंधमाल जिले के पाडेल क्षेत्र की मुठभेड़ शामिल हैं। पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर छोड़ा संगठन पुलिस के मुताबिक, दोनों माओवादी छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के अभियान और पुनर्वास कार्यक्रमों से प्रभावित हुए। जिला पुलिस, DRG, कोबरा और CRPF के संयुक्त प्रयासों से उनका आत्मसमर्पण हुआ। सुकमा में हथियारों और विस्फोटकों का डम्प मिला इधर, सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र में रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का हथियार डम्प बरामद किया है। पुलिस को इसकी जानकारी आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली थी। सूचना के आधार पर 25 नवंबर को जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। दोपहर में रासापल्ली के जंगल में डम्प मिला। 8 देसी हथियार और 229 जिंदा कारतूस जब्त एएसपी मनीष कुंवर ने बताया कि डम्प से 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूकें मिली हैं। इसके अलावा 229 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनमें AK-47 के 98, SLR के 49, इंसास के 35, .303 राइफल के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 कारतूस शामिल हैं। टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड और गन पाउडर भी मिला सुरक्षा बलों को करीब 10 से 12 किलो वजनी एक टिफिन IED मिला, जो वायर रहित हालत में था। इसके साथ 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देसी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, BGL के सेल और कारतूस भी बरामद हुए। टीम ने इंसास और AK-47 की 4-4 मैगजीन, स्टेनगन की 2 मैगजीन, करीब 50 मीटर कोडेक्स वायर, 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और 5 किलो गन पाउडर भी जब्त किया। 15 जोड़ी वर्दी और वायरलेस सेट भी बरामद डम्प से मोटोरोला वायरलेस सेट, बैटरियां, पिट्ठू बैग, 15 जोड़ी काली नक्सली वर्दी, कॉम्बैट वर्दी का कपड़ा, नीले ड्रम, मैगजीन पाउच, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी मिला है। एएसपी मनीष कुंवर के मुताबिक, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाए गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों की तलाश जारी रहेगी।