समाचार · मध्य प्रदेश
एसपी बोले- मैरिज-गार्डन के वाहन रोक पर पार्क न हो:सीसीटीवी, गार्ड और आग बुझाने के इंतजामों की व्यवस्था करें
बुरहानपुर में आगामी विवाह समारोहों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को एसपी ऑफिस में बैठक हुई। एसपी आशुतोष बागरी ने जिले के मैरिज गार्डन संचालकों को सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि विवाह समारोहों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, इसलिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर सतर्कता जरूरी है। एसपी ने गार्डन के प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग स्थल और परिसर के जरूरी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। कैमरे चालू रहें और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था हो। एसपी बोले- तय जगह पर ही हो पार्किंग मेहमानों के वाहनों के लिए गार्डन परिसर या तय जगह पर पर्याप्त पार्किंग करने के निर्देश दिए गए। सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग से आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सार्वजनिक रास्तों पर आवाजाही बनाए रखने के लिए भी जरूरी इंतजाम करने को कहा गया। बड़े आयोजनों और ज्यादा भीड़ वाले समारोहों में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रवेश और निकास व्यवस्था ठीक रहे। किसी अप्रिय स्थिति को समय रहते संभालने के लिए भी इंतजाम करने को कहा गया। गार्डन में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकलने का मार्ग और प्राथमिक इलाज की व्यवस्था रखने को कहा गया। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने और लापरवाही से बचने के निर्देश दिए गए। एसपी ने डीजे के इस्तेमाल, तय समय और सीमा समेत प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि विवाह समारोहों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ आयोजकों और गार्डन संचालकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।