समाचार · छत्तीसगढ़
छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से हमला किया:कोंडागांव के बेड़मा में पुरानी रंजिश में विवाद; आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव के ग्राम बेड़मा में 24 नवंबर की रात करीब 8 बजे पुरानी रंजिश को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से हमला किया। आरोपी ने रतिराम के गले के पास वार किया, लेकिन चाकू उनके होंठ पर लगा। रतिराम घर के सामने सीमेंट के चबूतरे पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान उनका भाई चुलेश्वर उर्फ छोटू वहां पहुंचा। दोनों के बीच विवाद हुआ और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि चुलेश्वर ने धारदार चाकू से रतिराम के गले के पास वार किया। खतरा भांपकर रतिराम पीछे हटे, जिससे चाकू गले की बजाय होंठ पर लगा। इसके बाद आरोपी ने दांत से उनकी कमर और पीठ पर काटकर चोट पहुंचाई। रतिराम की रिपोर्ट पर केशकाल थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने चुलेश्वर उर्फ छोटू सोनी (34) निवासी बहीगांव और हाल ग्राम बेड़मा, को गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।