समाचार · हरियाणा
विधायक निखिल मदान ने सीएम घोषणाओं की समीक्षा की:सब्जी मंडी शिफ्टिंग व अन्य काम होंगे तेज; विकास कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी
सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक निखिल मदान ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सब्जी मंडी शिफ्टिंग, जाट जोशी में नया बस स्टैंड, ड्रेन नंबर-6 को कवर करने, नगर निगम के नए भवन और सुभाष स्टेडियम के विकास सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों को सभी कार्य प्राथमिकता से और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। सब्जी मंडी शिफ्टिंग से सुधरेगी यातायात व्यवस्था बैठक में सोनीपत की वर्तमान सब्जी मंडी को अनाज मंडी के पीछे नई जगह पर शिफ्ट करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा कि सब्जी मंडी को व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित करने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही व्यापारियों और आम नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिफ्टिंग से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। जाट जोशी में बनेगा नया बस स्टैंड जाट जोशी में 6.36 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित नए बस स्टैंड की परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। विधायक ने अधिकारियों से इसकी विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) जल्द जारी करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि आधुनिक बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। ड्रेन नंबर-6 का बचा काम जल्द पूरा करने के निर्देश विधायक ने ड्रेन नंबर-6 को कवर करने के शेष कार्य को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी और शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा। अधिकारियों को कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम के नए भवन का निर्माण जल्द पूरा होगा बैठक में नगर निगम के नए भवन के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन का निर्माण जल्द पूरा किया जाए, ताकि नगर निगम से संबंधित कार्यों के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। सुभाष स्टेडियम में बनेंगे मल्टीपरपज हॉल और सिंथेटिक ट्रैक सुभाष स्टेडियम में प्रस्तावित मल्टीपरपज हॉल, सिंथेटिक ट्रैक और अन्य खेल सुविधाओं के विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से सोनीपत के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर संसाधन मिलेंगे। साथ ही स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। बहालगढ़ रोड पर ऑटो मार्केट शिफ्टिंग को भी प्राथमिकता विधायक ने बहालगढ़ रोड पर ऑटो मार्केट को शिफ्ट करने सहित अन्य लंबित विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें। परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और प्रशासनिक या तकनीकी अड़चनों को समय रहते दूर किया जाए। विकास कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी विधायक निखिल मदान ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सोनीपत के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था बेहतर बनाना, खेल सुविधाओं का विस्तार करना और आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।