समाचार · पंजाब
फरीदकोट में वड़िंग ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश:बैठक में बोले- 70 नए चेहरों को चुनाव में उतारा जाए
फरीदकोट के सादिक में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में लुधियाना से सांसद और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शामिल हुए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में कम से कम 70 नए चेहरों को टिकट देने की पैरवी की। वड़िंग ने कहा कि पार्टी को आम कार्यकर्ताओं और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को आगे लाना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी की चुनावी रणनीति का उदाहरण देते हुए नए चेहरों को मौका देने की बात कही। इस दौरान उन्होंने पंजाब की आप सरकार, अकाली-भाजपा गठबंधन और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी निशाना साधा। बब्बू बराड़ के निवास पर हुई बैठक कांग्रेस की यह बैठक सादिक कस्बे में पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज सिंह ढिल्लों के निवास पर जिला अध्यक्ष नवदीप सिंह बब्बू बराड़ के नेतृत्व में आयोजित की गई। इसमें राजा वड़िंग विशेष रूप से पहुंचे। बैठक ऐसे समय हुई है, जब पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की हालिया फरीदकोट साइकिल यात्रा के दौरान जिला अध्यक्ष बब्बू बराड़ की गैरमौजूदगी चर्चा में रही थी। ऐसे में इस बैठक को जिले में कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है। 70 नए चेहरों को टिकट देने की पैरवी अपने संबोधन में राजा वड़िंग ने आगामी विधानसभा चुनाव में नए चेहरों को मौका देने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में पार्टी की बैठक में उन्होंने सुझाव दिया था कि पंजाब में कम से कम 70 नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा जाना चाहिए। वड़िंग ने आम आदमी पार्टी का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने साधारण कार्यकर्ताओं और नए चेहरों को टिकट दिए थे, जिसका उसे फायदा मिला। उनके मुताबिक, जनता ऐसे नेताओं को पसंद करती है, जो आम लोगों के बीच रहकर उनके लिए काम करते हैं। आप सरकार और अकाली-भाजपा गठबंधन पर साधा निशाना वड़िंग ने अपने संबोधन में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और अकाली-भाजपा गठबंधन को भी निशाने पर लिया। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जब कैप्टन के पास पंजाब कांग्रेस और राज्य सरकार की कमान थी, तब उन्होंने आम कार्यकर्ताओं की सुध लेनी बंद कर दी थी। वड़िंग के मुताबिक, उस दौरान कैप्टन का संपर्क धनाढ्य लोगों तक ही सीमित रह गया था। चन्नी के बयान पर भी दिया जवाब पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से फरीदकोट में कुशलदीप सिंह ढिल्लों को मंत्री बनाए जाने संबंधी बयान पर भी वड़िंग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकट देने और मंत्री बनाने का अधिकार केवल राहुल गांधी के पास है। इस दौरान उन्होंने जिला अध्यक्ष बब्बू बराड़ की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को आगे लाना चाहिए।