national · महाराष्ट्र
पहले काटा हाथ, फिर मारी गोली...जेल से छूटते ही पुणे कोर्ट के बाहर जानलेवा हमला

Pune Court Attack: म हाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े 2025 के एक मर्डर केस के आरोपी पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उसका एक हाथ काट दिया. हमलावरों ने उस पर गोली चलाने की भी कोशिश की. वारदात के बाद आरोपी खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा रहा.
पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट परिसर के गेट नंबर 4 के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे यह वारदात हुई. पुलिस के मुताबिक, मंदार मरुति किवाले कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में पहुंचा था. इसी दौरान हथियारों से लैस हमलावरों ने उसे घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के सामने हमलावरों ने मंदार पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए. घटना के वीडियो में दो लोग उस पर लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं. हमले के बाद आरोपी हमलावर दोपहिया वाहनों से फरार हो गए.
एक हाथ कटा, खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा रहा मंदार
हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंदार का एक हाथ कटकर अलग हो गया। वारदात के बाद वह खून से लथपथ हालत में उठने और चलने की कोशिश करता दिखाई दिया. बाद में वह फुटपाथ पर पड़ा मिला। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. घायल मंदार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. एनडीवीटी के अनुसार, उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई है.
चार दिन पहले ही जेल से आया था बाहर
पुलिस के मुताबिक, मंदार मरुति किवाले साल 2025 में हुए एक हत्याकांड का आरोपी है. अप्रैल 2025 में पुणे के संतोषनगर-कात्रज इलाके में 26 वर्षीय रेस्टोरेंट मालिक शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में जमीन और पैसों का विवाद सामने आया था.
आरोप है कि शुभम की हत्या डंडों और बांस की लाठियों से पीटकर की गई थी. इस मामले में मंदार किवाले के साथ अमर साकोरे और उसके सहयोगियों गिरीश सुभाष बाबरे तथा योगेश बाबूराव डोरे को भी गिरफ्तार किया गया था. मंदार चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था.
डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने पुलिस कमिश्नर से मांगी रिपोर्ट
घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात की. उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपियों को जल्द पकड़ने और खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें: RSS चीफ मोहन भागवत बोले-दुनिया की कोई ताकत नहीं चाहती भारत तरक्की करे, क्योंकि आगे बढ़ा तो उनकी... बंद हो जाएंगी?