समाचार · मध्य प्रदेश
दुकान बंद कर गया, सुबह गायब मिले 16 ट्रक टायर:मऊगंज में दुकानदार ने थाने में दी शिकायत, करीब 20 हजार रुपए का नुकसान बताया
मऊगंज थाना क्षेत्र के बहेराडाबर गांव में पंचर की दुकान के बाहर रखे 16 पुराने ट्रक टायर चोरी हो गए। दुकानदार ने टायरों की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई है। उसने मऊगंज थाने में लिखित शिकायत देकर टायरों की तलाश करने और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उमरी निवासी रफी मोहम्मद बहेराडाबर गांव में पंचर की दुकान चलाते हैं। पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। दुकान के बाहर 16 पुराने ट्रक टायर रखे हुए थे। बुधवार को मकान मालिक ने फोन कर बताया कि दुकान के बाहर रखे टायर गायब हैं। रफी मोहम्मद मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की, लेकिन टायर नहीं मिले। डायल 112 पर सूचना देने का भी दावा रफी मोहम्मद ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 पर भी दी थी। उनका आरोप है कि मदद के लिए कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद शाम करीब 5 बजे मऊगंज थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से चोरी की जांच कर टायर बरामद करने और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।