Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार अर्टिगा, तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत, तीन की हालत गंभीर

INT News7 October 2026 at 08:40 am

Purvanchal Expressway Accident: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ. जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कार में छह लोग सवार थे. सभी लखनऊ में टेनिस टूर्नामेंट खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक में पीछे से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

हादसे में तीन खिलाड़ियों की मौके पर मौत

दुर्घटना में देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया कि तीनों पेशेवर टेनिस खिलाड़ी थे और लखनऊ में आयोजित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद अपने घर लौट रहे थे. घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक, सफर के दौरान सभी लोग नींद में थे. इसी वजह से अचानक हुई टक्कर के बारे में किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

तीन लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में कार सवार आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) पुत्र जनार्दन गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया गया. इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया. अस्पताल पहुंचकर चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने भी घायलों से घटना की जानकारी ली.

फरार ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ और अर्टिगा की रफ्तार कितनी थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेसवे पर उपलब्ध अन्य माध्यमों की मदद से दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. फिलहाल तीन युवाओं की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है. - पवन तोमर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: प्रयागराज RPF थाने से चोरी का आरोपी फरार, बाथरूम जाने का बहाना बना जवानों को दिया चकमा; दो निलंबित, FIR दर्ज