national
आतंकी अजमल कसाब का किया बचाव, दूसरे मुकदमे छोड़े; 15 साल बाद भी फीस के लिए भटक रहे वकील

अमीन सोलकर और फरहाना शाह को महाराष्ट्र सरकार ने 2010 में कसाब की ओर से पैरवी करने के लिए नियुक्त किया था. दोनों ने बंबई उच्च न्यायालय में कसाब की मौत की सजा के खिलाफ दायर अपील की सुनवाई के दौरान उसका बचाव किया था. उच्च न्यायालय ने दोनों वकीलों को नामित किया था, जिसके बाद महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एमएसएलएसए) ने 8 जून, 2010 को उनकी नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी की थी.
अभियोजन पक्ष के वकीलों के बराबर तय हुआ था पारिश्रमिक
नियुक्ति संबंधी अधिसूचना के मुताबिक, अमीन सोलकर को विशेष लोक अभियोजक के बराबर फीस दी जानी थी. वहीं, फरहाना शाह का पारिश्रमिक मौत की सजा की पुष्टि से जुड़े मामले की सुनवाई करने वाले अतिरिक्त लोक अभियोजक के बराबर तय किया गया था. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, उस समय यह राशि प्रतिदिन 1,500 से 2,000 रुपये के बीच थी.
हालांकि, हाई कोर्ट में सुनवाई खत्म हुए 15 साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन दोनों वकीलों को अब तक उनकी फीस नहीं मिली है. सोलकर ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि वह बकाया भुगतान के लिए महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से लगातार संपर्क कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
उन्होंने कहा, "कसाब की पैरवी करने के लिए हमें अब तक फीस नहीं मिली है. मैं महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को लगातार पत्र लिख रहा हूं, लेकिन इस मामले में कोई सकारात्मक प्रगति नहीं दिख रही है."
बकाया फीस के लिए मांगे जा रहे पुराने रिकॉर्ड
दोनों वकीलों का कहना है कि जब भी वे भुगतान का मुद्दा उठाते हैं, उनसे विस्तृत बिल और ज्ञापन जमा करने को कहा जाता है. इसमें अदालत में पेश होने की तारीखों और हर दिन काम किए गए घंटों का ब्योरा मांगा जाता है.
वकीलों ने इतने साल बाद इस तरह का रिकॉर्ड मांगने को अनुचित बताया है. उनका तर्क है कि एक दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद किसी वकील से हर तारीख और अदालत में बिताए गए घंटों का विस्तृत हिसाब सुरक्षित रखने की उम्मीद करना सही नहीं है.
सोलकर के मुताबिक, उनकी नियुक्ति के समय जारी पत्र में फीस का आधार स्पष्ट कर दिया गया था. उन्होंने सवाल उठाया कि जब पारिश्रमिक अभियोजन पक्ष के वकीलों के बराबर तय किया गया था, तो उसी आधार पर बकाया भुगतान करने में क्या परेशानी है?
फरहाना शाह ने भी इस पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार की अधिसूचना और उस समय के मुख्य न्यायाधीश के आदेश में फीस का ढांचा पहले से तय था. इसके बावजूद अब विस्तृत मदवार ब्योरा मांगा जा रहा है.
शाह ने बताया कि उन्होंने करीब नौ महीने तक इस मामले को पूरा समय दिया. इसके लिए उन्हें अपने दूसरे मुकदमों को भी पीछे रखना पड़ा, ताकि कसाब की सुनवाई में किसी तरह की बाधा न आए. उनके अनुसार, नियुक्ति संबंधी अधिसूचना में यह भी कहा गया था कि उच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद फीस का भुगतान कर दिया जाएगा.
विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताई भुगतान की प्रक्रिया
महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत वकीलों को फीस जारी करने के लिए औपचारिक बिल और ज्ञापन जमा करना अनिवार्य है.
वहीं, कसाब का मुकदमे के दौरान बचाव करने वाले वकील अब्बास काजमी ने बताया कि उन्हें अपनी फीस समय पर मिल गई थी. उन्होंने विशेष न्यायाधीश एमएल तहलियानी की अदालत में कसाब का प्रतिनिधित्व किया था.
काजमी ने कहा, "मुकदमा पूरा होने के तुरंत बाद सरकार ने मेरे पारिश्रमिक का भुगतान कर दिया था."
कब हुई थी कसाब को फांसी?
कानूनी प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई आरोपी अपना वकील नियुक्त करने में सक्षम नहीं होता है, तो निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए अदालत विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उसके लिए वकील नियुक्त करती है.
बंबई हाई कोर्ट ने जून 2010 में कसाब की अपील और उसकी मौत की सजा की पुष्टि से जुड़े मामले पर सुनवाई शुरू की थी. फरवरी 2011 में अदालत ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए उसकी मौत की सजा की पुष्टि कर दी. बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस फैसले को सही ठहराया.
अजमल कसाब को गिरफ्तारी के बाद मुंबई की आर्थर रोड जेल में रखा गया था. 21 नवंबर, 2012 को पुणे की येरवडा केंद्रीय जेल में उसे फांसी दे दी गई.
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी. मृतकों में छह अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे. पाकिस्तान से आए भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादियों ने मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया था. यह हमला 60 घंटे से अधिक समय तक चला था.
ये भी पढ़ें: उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, कहा- पुलिस का पक्ष सुनना जरूरी