समाचार · मध्य प्रदेश
जिस पानी से बना रहे थे डिस्टिल्ड वॉटर,उसमें मिली फफूंद:बैहर की फैक्ट्री में कुएं के पानी में मिली काई; एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन किया निलंबित
बालाघाट जिले के बैहर स्थित एमएस फुंड एंड ब्रेवेज फैक्ट्री में डिस्टिल्ड वॉटर बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कुएं के पानी में काई और फफूंद मिली है। खाद्य विभाग ने जांच के बाद फैक्ट्री का एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया है। संचालक को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने पानी की 16 बोतलें सीलबंद कर सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। खाद्य विभाग के निरीक्षक योगेश डोंगरे ने टीम के साथ बुधवार को फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उस समय फैक्ट्री बंद थी और संचालक भी मौजूद नहीं थे। टीम ने फैक्ट्री का काम देख रहे प्रभारी को बुलाकर जांच की। इस दौरान पता चला कि डिस्टिल्ड वॉटर बनाने के लिए कुएं का पानी इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच में कुएं के पानी में काई और फफूंद मिली। कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट भी नहीं मिले। पैकेजिंग पर एक्सपायरी डेट नहीं लिखने की शिकायत डोंगरे ने बताया कि फैक्ट्री करीब एक साल पहले शुरू हुई थी। पानी में काई मिलने और पैकेजिंग पर एक्सपायरी डेट नहीं लिखे होने की शिकायतें मिली थीं। जांच के बाद एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन निलंबित किया गया है। फैक्ट्री में तब तक उत्पादन बंद रहेगा, जब तक सैंपल की रिपोर्ट नहीं आ जाती और निर्धारित मानक पूरे नहीं किए जाते। रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई डोंगरे ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत अदालत में कार्रवाई की जाएगी। फैक्ट्री का संचालन मधु राहंगडाले कर रहे थे।