Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में जमीन खोदते ही निकलने लगीं नोटों की गड्डियां, ड्रमों में छिपा था करोड़ों का खजाना, जाने क्या है पूरा मामला?

INT News29 October 2026 at 10:45 am

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मकान के अंदर जमीन की खुदाई के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी मिलने का मामला सामने आया है. बरईपुर रामनगर में पुलिस ने एक व्यक्ति के मकान में खुदाई कराई तो जमीन के नीचे दबे ड्रमों से नोटों की गड्डियां निकलने लगीं. इतनी बड़ी मात्रा में नकदी देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. शुरुआती जानकारी में चार करोड़ रुपये से अधिक की नकदी गिने जाने की बात सामने आई है. वहीं, बरामद रकम 60 करोड़ रुपये से ज्यादा होने की भी चर्चा है. हालांकि, पुलिस ने अभी कुल रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही सही आंकड़ा सामने आएगा.

जमीन के नीचे दबे ड्रमों से निकलीं नोटों की गड्डियां

पुलिस को सूचना मिली थी कि बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति ने अपने मकान के अंदर जमीन में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी है. सूचना मिलने के बाद बुधवार शाम पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर दी. इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. उसकी निशानदेही पर मकान के अंदर जमीन की खुदाई कराई गई. खुदाई के दौरान एक के बाद एक ड्रम मिले, जिनमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं.

चार करोड़ से ज्यादा की गिनती, 60 करोड़ मिलने की चर्चा

जमीन से करोड़ों रुपये मिलने की जानकारी सामने आते ही पुलिस अधिकारियों में हलचल तेज हो गई. बरामद नकदी की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को बुलाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात तक चार करोड़ रुपये से अधिक की गिनती हो चुकी थी. वहीं, कुल रकम 60 करोड़ रुपये से ज्यादा होने का दावा भी किया जा रहा है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पूरी गिनती होने के बाद ही बरामद रकम का सही आंकड़ा बताया जा सकेगा.

पुणे से रुपये लाने की चर्चा, नोटबंदी से जुड़ रहे तार

मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिया गया व्यक्ति कई साल पहले पुणे की एक फर्म में नौकरी करता था. दावा किया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान वह वहां से बोरियों में रुपये भरकर अपने गांव ले आया था. इसके बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और बाकी नकदी ड्रमों में भरकर मकान के अंदर जमीन में दबा दी. हालांकि, पुलिस ने अभी इन दावों की पुष्टि नहीं की है. जांच में पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम आखिर कहां से आई.

पट्टीदार से विवाद के बाद खुला राज

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले संदिग्ध व्यक्ति का अपने एक पड़ोसी पट्टीदार से विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद मकान के अंदर जमीन में नकदी छिपाए जाने की जानकारी पुलिस तक पहुंची. सूचना मिलने पर अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस ने मकान में छापेमारी की और खुदाई के दौरान ड्रमों में रखी नकदी बरामद की. हालांकि, सूचना देने वाले व्यक्ति और विवाद से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

नोटों से भरे ड्रम देखने जुट गई लोगों की भीड़

मकान में पुलिस की छापेमारी और खुदाई के दौरान करोड़ों रुपये मिलने की खबर पूरे इलाके में फैल गई. देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे. पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर जांच जारी रखी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. वहीं, बरामद नकदी की गिनती और उसके स्रोत का पता लगाने की प्रक्रिया जारी रही.

डीसीपी ने बताया कब सामने आएगा सही आंकड़ा

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के अनुसार, बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति के मकान से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद हुई है. हालांकि, कुल रकम कितनी है, यह गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रुपये किसके हैं, कहां से आए और इन्हें जमीन के अंदर छिपाकर क्यों रखा गया था.

Also Read: एक साल से पति लापता, जेठ-देवर पर 6 बीघा जमीन कब्जाने का आरोप... दंडवत होकर DM के दरबार पहुंची महिला, जानें पूरा मामला