समाचार · मध्य प्रदेश
मैहर में बूंदाबांदी और तेज हवाओं से ठंडक बढ़ी:अगले 3 दिन में मौसम बदलने, 40km प्रति घंटे तक हवा चलने का अनुमान
मैहर जिले में गुरुवार सुबह रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। मैहर, अमरपाटन और आसपास के इलाकों में तेज ठंडी हवाएं चलने से ठंडक बढ़ गई। मौसम विभाग ने मैहर, सतना और रीवा संभाग के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की आशंका है। मौसम का असर अगले तीन दिन तक रह सकता है। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। बादलों और ठंडी हवाओं के चलते धूप का असर कम रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को बताया जा रहा है। इसके चलते विंध्य इलाके में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश और तेज हवाओं से खेतों में पककर तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। तेज हवा से फसल गिर सकती है, जिससे कटाई और उपज पर असर पड़ सकता है। दूसरी ओर, बारिश से रबी फसलों की बोवनी के लिए खेत तैयार करने में मदद मिल सकती है। किसानों को मौसम का पूर्वानुमान देखते रहने और तेज हवा या बारिश के दौरान कटी फसल को खुले खेत में न छोड़ने की सलाह दी जाती है। मैहर और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिन बारिश, हवा की रफ्तार और तापमान में बदलाव हो सकता है।