समाचार · छत्तीसगढ़
अर्नब के असर से बारिश,सीएम साय का सरगुजा प्रवास टला:उत्तर छत्तीसगढ़ में यलो अलर्ट, कटी धान की फसल को नुक़सान
चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। सरगुजा संभाग में बधवार दोपहर बाद से बारिश शुरू हुई थी। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को सरगुजा और बलरामपुर के लिए यलो अलर्ट, जबकि सूरजपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए संभाग के 5 जिलों के स्कूलों में आज एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम का सरगुजा प्रवास टला अर्नब के असर के कारण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सरगुजा प्रवास टल गया है। सीएम साय बुधवार को सूरजपुर और बलरामपुर जिले का प्रवास भी स्थगित कर दिया गया था और वे वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री सरगुजा में बाबा कार्तिक उरांव के प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में वर्चुअल जुड़ेंगे। बारिश में कटी फसल भीगी, तीन दिनों तक बारिश अर्नब चक्रवर्ती तूफान के असर से हो रही बारिश के कारण कटी धान की फसल भीग गई है। इससे धान को नुक़सान की आशंका है। जो फसल खड़ी है, उसे नुकसान की संभावना कम है। बारिश से सरसों, अरहर एवं सब्जी की फसलों को फायदा होगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी संभाग में कई स्थानों पर बारिश होगी। आगामी तीन दिनों तक बादल छाए रहे सकते हैं और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पांच जिलों में स्कूलों की छुट्टी, प्रशासन अलर्ट खराब मौसम और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों में आज स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। सरगुजा जिला प्रशासन ने अधिकारियों और मैदानी अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर निगरानी की जा रही है। सरगुजा में मौसम बदलने से पहले न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बारिश और बादलों के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ने की संभावना है।