Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पारस की मौत में आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर:जबलपुर में प्रशासन की कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार; देवी जागरण पर लाठी-डंडों से की थी हत्या

INT News29 October 2026 at 12:53 pm

जबलपुर के आजाद नगर गोकलपुर में देवी जागरण और भंडारे के दौरान हुए विवाद में पारस यादव की मौत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी समीर वंशकार के चिह्नित अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। दरअसल, रविवार देर रात रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर गोकलपुर में देवी जागरण और भंडारे के दौरान विवाद हो गया था। इसमें दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल 48 वर्षीय पारस यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। शव रखकर किया था प्रदर्शन पारस यादव की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे। उन्होंने विकल मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा देने और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। प्रदर्शन के कारण तीनों मार्गों पर लंबा जाम लग गया था। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को मांगें पूरी करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया था। मुख्य आरोपी समेत 6 गिरफ्तार मामले में रांझी पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर वंशकार सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद गुरुवार को प्रशासन ने आरोपी के चिह्नित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।