समाचार · मध्य प्रदेश
पडखुरी 588 में 45 दिन से नल-जल योजना बंद:केबल डालने के दौरान पाइपलाइन टूटी, स्थानीय लोगों को नहीं मिल रहा पेयजल
रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र के पडखुरी 588 गांव में नल-जल योजना की पाइपलाइन टूटने के बाद 45 दिन से पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बीएसएनएल की केबल डालने के दौरान पाइपलाइन टूटी। इससे 50 से 60 परिवारों के सामने पेयजल संकट है। वार्ड क्रमांक 2 के निवासी राहुल पांडे ने बताया कि उनके मोहल्ले में नल-जल योजना की टंकी से पाइपलाइन के जरिए पानी आता था। यह उनके परिवार और आसपास के 50 से 60 परिवारों के लिए पीने के पानी का मुख्य साधन था। मोहल्ले में एक ही हैंडपंप है, जिसका इस्तेमाल 300 से अधिक लोग करते हैं। राहुल के मुताबिक, हैंडपंप पर निर्भर रहना मुश्किल हो रहा है। ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप राहुल पांडे ने आरोप लगाया कि बीएसएनएल के ठेकेदारों ने केबल डालने के दौरान पाइपलाइन तोड़ दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव से शिकायत की। उनका कहना है कि उन्हें बताया गया कि यह सरकारी काम है और इसे रोका नहीं जा सकता। पाइपलाइन टूटने के बाद पानी की व्यवस्था बहाल नहीं हुई। गांव के निवासी मोतीलाल ने बताया कि उन्होंने सचिव कैलाश लोनिया से पाइपलाइन ठीक कराने को कहा था। मोतीलाल का आरोप है कि सचिव ने उनसे कहा, ‘जहां शिकायत करनी है, ऑनलाइन शिकायत कर दो। मैं नहीं बनवाऊंगा और मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।’ तहसीलदार से शिकायत ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर 12 बजे रामपुर नैकिन के तहसीलदार आशीष मिश्रा से शिकायत कर समस्या हल करने की मांग की। सचिव कैलाश लोनिया ने कहा कि उन्होंने पाइपलाइन नहीं तोड़ी। उनके मुताबिक, उन्होंने कई बार बीएसएनएल के ठेकेदारों से पाइपलाइन ठीक करने को कहा, लेकिन वे इसे ठीक नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में वह क्या कर सकते हैं।