समाचार · छत्तीसगढ़
बारिश के चलते बलरामपुर जिले के सभी स्कूल बंद:चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से धान की फसल पर भी खतरा
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग की ओर से अति वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन गुरुवार, 29 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। वहीं, लगातार बारिश से खेतों में कटाई के बाद सूखने के लिए रखी और खलिहानों में जमा धान की फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में छुट्टी कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अवकाश का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। अभिभावकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा जरूरी सावधानियां बरतें। खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल पर संकट लगातार बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान धान की कटाई के बाद उपज को सुखाने और मिंजाई की तैयारी में जुटे थे, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में कटाई के बाद सूखने के लिए पड़ी धान की फसल और खलिहानों में रखी उपज के भीगने से खराब होने का खतरा है। लगातार नमी बने रहने से धान की गुणवत्ता प्रभावित होने, दाने काले पड़ने और फसल में फफूंद लगने की आशंका है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में तैयार फसल को सुरक्षित रखना किसानों के सामने बड़ी चुनौती बन गया है। आवागमन और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर जिले में लगातार बारिश के चलते कई क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। खराब मौसम के कारण आवागमन और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका है। फिलहाल जिले के लोगों और किसानों की नजर मौसम के रुख पर टिकी है। बारिश जल्द नहीं थमने पर खेतों और खलिहानों में रखी तैयार धान की फसल को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।