समाचार · हरियाणा
पलवल में डीड राइटर पर हमला, ₹40 हजार लूटे:हथीन तहसील परिसर में बैठे, स्विफ्ट और स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावर
पलवल के हथीन तहसील परिसर में डीड राइटर पर 15-20 लोगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावर उनकी जेब से रजिस्ट्री के 40 हजार रुपए लूट ले गए। पुलिस ने 15 नामजद समेत 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार के मुताबिक, नूंह जिले के जांडोली गांव के रहने वाले और फिलहाल हथीन में रह रहे सैफ ने शिकायत दी है। सैफ ने बताया कि उनके मामा वारिश हथीन तहसील में एक वकील के पास मुंशी का काम करते हैं। 27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे वह भी अपने मामा के साथ वहां मौजदू थे। शिकायत के मुताबिक, अंधरौला गांव के मुफीद, मौसम, असलम, मुल्ला, सफी₹क, जुनेद, सब्बू, शाहरुख, मनसूर, साहिब, जैद, आकिब, अबसर और महबूब के साथ गोहपुर गांव के जावेद वहां पहुंचे। जावेद का हथीन बाइपास पर 777 नाम से कैफे है। उनके साथ 15-20 अन्य लोग भी थे। सैफ का आरोप है कि हमलावर लाठी-डंडे, रॉड और बंदूक लेकर आए थे। उन्होंने वारिश को जान से खत्म करने की बात कही। वारिश पास के खोखे में चले गए, लेकिन हमलावर उन्हें बाहर खींचकर पीटने लगे। आरोप है कि उन्होंने वारिश की जेब से 40 हजार रुपए लिए और सीट पर तोड़फोड़ की। मुंशी और वकील ने मौके पर पहुंच बचाया शोर सुनकर आसपास काम कर रहे वकील और मुंशी वहां पहुंचे और वारिश को बचाया। शिकायत के अनुसार, आरोपी लाल स्विफ्ट कार, दो स्कॉर्पियो और बाइकों से आए थे। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। वारिश को हथीन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बड़े अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में हथीन थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।