समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी के अमोला घाटी में ट्रॉला खाई में गिरा:ड्राइवर की मौत, हेल्पर गंभीर घायल; कानपुर से सूरत जा रहे थे
शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र की अमोला घाटी में गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे एक ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ड्राइवर राम अनुज चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर उमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रॉला कानपुर से सूरत जा रहा था। वन देवी मैया मंदिर के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, ट्रॉला अमोला घाटी में वन देवी मैया मंदिर के पास पहुंचा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हेल्पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हादसे की सूचना मिलने के बाद एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल हेल्पर उमेश कुमार को मेडिकल कॉलेज शिवपुरी ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। मृत ड्राइवर राम अनुज चौधरी, पिता केशव चौधरी, उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के ग्राम कैथवालिया, पोस्ट कैथवालिया, छपिया वसई के निवासी थे। वहीं, घायल हेल्पर उमेश कुमार, पिता राम असीह, उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के इटौरा (मुझैली), अरदौना के निवासी हैं। राम अनुज चौधरी के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।