समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा में 30 अक्टूबर को UGC-नियमों के विरोध में प्रदर्शन:सवर्ण क्रांति मोर्चा का विवेकानंद पार्क में कार्यक्रम; EWS आरक्षण 10% से बढ़ाकर 15% करने की भी मांग
रीवा में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों के विरोध में 30 अक्टूबर को सवर्ण संगठनों की बैठक और प्रदर्शन प्रस्तावित है। सवर्ण क्रांति मोर्चा दोपहर 12 बजे विवेकानंद पार्क में कार्यक्रम करेगा। इसमें ब्राह्मण समाज, करणी सेना और अन्य सवर्ण संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में UGC के नियमों के विरोध और आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा होगी। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. संजय त्रिपाठी ने वीडियो जारी कर कहा- विश्वविद्यालयों में जाति के आधार पर भेदभाव के बजाय योग्यता और निष्पक्षता को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। त्रिपाठी ने आशंका जताई कि नए नियमों का दुरुपयोग होने पर सामान्य वर्ग के छात्रों को परेशानी हो सकती है। EWS आरक्षण 15% करने की मांग त्रिपाठी ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए लागू 10% आरक्षण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब सवर्ण परिवारों को EWS प्रमाणपत्र बनवाने और प्रवेश प्रक्रिया में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने EWS आरक्षण को 10% से बढ़ाकर 15% करने और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया आसान बनाने की मांग की।