Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कार सवारों ने ओवरटेक कर बाइक सवार पर की फायरिंग:दूध के पैसों के हिसाब पर चली गोलियां, बाइक दौड़ाकर बचाई जान

INT News26 September 2026 at 07:49 pm

ग्वालियर में दूध के पुराने लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बाइक सवार पर कार से आए चार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास पिपरौली रोड पर रात करीब 11 बजे की है। अचानक हुई फायरिंग से युवक व उसका ममेरा भाई घबरा गए और किसी तरह भागकर जान बचाई। इसके बाद पीड़ित थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर शनिवार को मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घाटीगांव थाना क्षेत्र के महारामपुरा निवासी 41 वर्षीय भारत सिंह गुर्जर पुत्र घनश्याम सिंह गुर्जर अभी चिरवाई नाका क्षेत्र स्थित महादजी नगर में किराए के मकान में रहता है। 25 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने ममेरे भाई वीरपाल गुर्जर के साथ बुलेट से नौगांव से लौट रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर सोनू गुर्जर निवासी सम्भर का पुरा, मुरैना का फोन आया। सोनू ने पुराने दूध के हिसाब को लेकर बातचीत करने की बात कही। भारत ने चिरवाई नाका पर मिलने की बात कही और कॉल काट दिया। कार से ओवरटेक करते ही की फायरिंग भारत सिंह ने बताया कि पिपरौली की ओर से आते समय दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल के पास उसने आगे चल रही सफेद रंग की बिना नंबर की कार को ओवरटेक किया। इसके बाद कार सवारों ने गाली-गलौज करते हुए बाइक रोकने के लिए आवाज लगाई और पीछे से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से वह घबरा गया और उसने तथा उसके ममेरे भाई ने बाइक को गति देकर अपनी जान बचाई। यह थे कार में सवार भारत ने पुलिस को बताया कि कार में हरिमोहन पुत्र हाकिम सिंह निवासी घूरे का पुरा एंडोरी भिंड था, जबकि सोनू गुर्जर, सतेन्द्र पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी घूरे का पुरा एंडोरी और वीरु पुत्र दामोदर सिंह निवासी सिगाईगढ़ा और हरमोहन सिंह गुर्जर अपने हाथों में हथियार लेकर फायर कर रहे थे। कॉल कर दी धमकी फायरिंग से बचने के बाद भारत और वीरपाल किसी तरह अपने फ्लैट पर पहुंचे। इसके बाद सोनू ने कई बार फोन कर गाली-गलौज की और दूध के हिसाब को लेकर आगे बातचीत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना से भयभीत भारत ने 26 सितंबर को कम्पू थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झांसी रोड थाना प्रभारी शाक्ति यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।