समाचार · पंजाब
पंजाब सांझीवालता ने गौरव राणा को बनाया पहला उम्मीदवार:रूपनगर विधानसभा क्षेत्र से ऐलान, गांव की सथ में सैकड़ों लोग पहुंचे
पंजाब की राजनीति में नए विकल्प के रूप में उभरे 'पंजाब सांझीवालता दल' ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव (मिशन 2027) के लिए अपने पहले प्रत्याशी का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। पार्टी ने रूपनगर (रोपड़) विधानसभा क्षेत्र से समाजसेवी गौरव राणा को मैदान में उतारा है। 26 सितंबर को नूरपुर बेदी स्थित ऐतिहासिक 'पिलकन वाली सथ' में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान यह घोषणा की गई। पारंपरिक रैलियों और बड़े मंचों से हटकर गांव की चौपाल (सथ) से प्रत्याशी के नाम का ऐलान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान आस-पास के कई गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने छतों पर चढ़कर पार्टी नेताओं के संबोधन सुने। शपथपत्र पर आधारित जवाबदेह एजेंडा जारी जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी प्रमुख अमितोज सिंह मान ने गौरव राणा के नाम की घोषणा की। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि गांव की चौपाल से प्रत्याशी घोषित करने का उद्देश्य पारंपरिक वीआईपी राजनीति के ढर्रे को तोड़ना है। इस अवसर पर दल ने अपना 'शपथपत्र आधारित एजेंडा' भी जारी किया। पार्टी के अनुसार, इस एजेंडे में पंजाब से जुड़े मुख्य मुद्दों जैसे—रोजगार, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, कृषि सुधार, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), वैध खनन नीति और पुलिस व्यवस्था में सुधार को शामिल किया गया है। पार्टी का दावा है कि यह एजेंडा केवल वादों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कानूनी रूप से जवाबदेह होगा ताकि वादे पूरे न होने पर मतदाताओं के पास कानूनी रास्ता अपनाने का विकल्प मौजूद रहे। पंजाब की पहचान और बुनियादी मुद्दों की लड़ाई: गौरव राणा प्रत्याशी घोषित होने के बाद गौरव राणा ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि वह लंबे समय से समाजसेवा के जरिए गरीब व वंचित वर्ग की आवाज उठाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की गिरती आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और पंजाबी अस्मिता की रक्षा के लिए ही उन्होंने मुख्यधारा की राजनीति में कदम रखा है। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय नेता और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।