समाचार · मध्य प्रदेश
775 स्कूलों के 28 हजार छात्रों ने दिखाई प्रतिभा:रायसेन में सेवा संकल्प अभियान का कार्यक्रम; भाषण में अदिति, चित्रकला में विश्वजीत को पहला स्थान
रायसेन। ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। जिलेभर के 755 स्कूलों के 28,305 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विकसित भारत-2047 की अपनी कल्पना चित्रों और भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत की। बच्चों ने चांद पर लहराते तिरंगे, बुलेट ट्रेन, वंदे भारत, आधुनिक तकनीक, बेहतर शिक्षा और आधुनिक संसाधनों को अपने सपनों के भारत का हिस्सा बताया। चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय स्कूलों के 13,560 और निजी स्कूलों के 6,545 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में शासकीय स्कूलों के 5,416 और निजी स्कूलों के 2,865 विद्यार्थी शामिल हुए। प्रतियोगिताएं पहले स्कूल स्तर, फिर विकासखंड और इसके बाद जिला स्तर पर आयोजित की गईं। भाषण में अदिति, तनुजा और वंशिका रहीं आगे
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अदिति आरेला, द्वितीय तनुजा लोधी और तृतीय पुरस्कार वंशिका धाकड़ ने प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थी शासकीय स्कूलों से हैं। चित्रकला में विश्वजीत प्रथम
चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय स्कूल के विश्वजीत ने प्रथम, सानू ने द्वितीय और अभीभव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को कार्यक्रम में प्रमाण-पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के सपनों में दिख रहा विकसित भारत : डॉ. चौधरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांची विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने चित्रों और विचारों के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना को सामने रखा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना देश के सामने है और बच्चों की कल्पना में भी इसकी झलक दिखाई दे रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज इस कार्यक्रम में जो सामने बच्चे बैठे हैं इन्हीं में से कोई कलेक्टर एसपी डॉक्टर और इंजीनियर बनेगा। देश के प्रधानमंत्री भारत को मजबूत बना रहे हैं। कार्यक्रम में शासकीय आदर्श कन्या विद्यालय के प्राचार्य राजेश बाथम, प्राचार्य एलएन प्रधान, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य स्वाति चौहान, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे। संचालन शिक्षक कमलेश बहादुर ने किया। शिक्षक पवन सोनी भी उपस्थित रहे।