समाचार · मध्य प्रदेश
बुजुर्ग पर हथौड़ी से हमले के अगले दिन फिर वारदात:45 टांके आए थे बुजुर्ग को, अब घर के ताले टूटे: एक दिन बाद ही घर में घुसे बदमाश
भोपाल के अवधपुरी की श्रीराम कॉलोनी में 71 वर्षीय मोहन चौधरी पर हथौड़ी से हमला कर लूट की कोशिश के एक दिन बाद शनिवार को उनके घर के ताले टूटे मिले। घटना के समय मोहन के परिजन उन्हें देखने एम्स गए हुए थे। घर लौटने पर मुख्य दरवाजे समेत अन्य जगहों के ताले टूटे मिले। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी आदिति भावसार ने बताया कि मकान के ताले टूटे मिले हैं, लेकिन अभी घर से सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही शनिवार की घटना को शुक्रवार को हुई वारदात से जोड़कर भी जांच की जा रही है। केयरटेकर ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी साजिश पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि शुक्रवार को घर में घुसे बदमाश लूट की नीयत से आए थे। पुलिस ने केयरटेकर कमला को हिरासत में लिया था। पूछताछ में उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर लूट की साजिश रचने की बात बताई है। पुलिस अब उसके प्रेमी और वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कमला मोहन की पत्नी को नहला रही थी। इसी दौरान दो बदमाश घर में दाखिल हुए। मोहन ने उन्हें देखकर विरोध किया तो आरोपियों ने उनके सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। उनके सिर में 45 टांके आए हैं। शोर सुनकर जुटे रहवासी, छत पर चढ़े थे बदमाश वारदात के दौरान मोहन के शोर मचाने पर आसपास के रहवासी घर के बाहर जमा हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, बदमाश घर की छत पर पहुंच गए और वहां से धारदार हथियार लहराने लगे। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग निकले। घर के फर्श और गैलरी में खून के निशान भी मिले थे। घटना से नाराज रहवासियों ने किया था थाने का घेराव शुक्रवार की घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में आक्रोश था। उन्होंने शाम को अवधपुरी थाने का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की थी। अब एक दिन बाद उसी मकान के ताले टूटने से पुलिस के सामने जांच का एक और पहलू सामने आया है। पुलिस शुक्रवार की वारदात और शनिवार को ताले टूटने की घटना के बीच कनेक्शन की भी जांच कर रही है। ये खबर भी पढ़ें भोपाल में दिनदहाड़े लूट के इरादे से घुसे बदमाश भोपाल के अवधपुरी की श्रीराम कॉलोनी में दिनदहाड़े घर में घुसे दो बदमाशों ने 71 वर्षीय मोहन चौधरी पर हथौड़ी से हमला कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। घर में दाखिल हुए बदमाशों को देखा तो बुजुर्ग मोहन ने विरोध किया।पूरी खबर पढ़ें