Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Simdega : गांव में घुसा हाथी, राशन दुकान और चर्च में घुसकर खाया अनाज

INT News26 September 2026 at 08:41 pm

सिमडेगा. ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में एक हाथी के आबादी वाले इलाकों में लगातार विचरण करने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. शनिवार को हाथी जोराम स्थित एनएच-143 पर पहुंच गया. हाथी के सड़क पर आ जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. करीब आधे घंटे बाद हाथी के सड़क से हटने पर आवागमन सुचारू हुआ.

खा लिया घर में रखा चावल

इसके बाद हाथी केरेया पंचायत के कुड़पानी गांव पहुंच गया. हाथी के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी. कुड़पानी से आगे बढ़ते हुए हाथी देवबहार क्षेत्र में भी पहुंचा. यहां एक राशन डीलर के घर में रखे चावल को हाथी ने खा लिया. इसके बाद हाथी आसपास के खेतों में पहुंचा और फसलों को नुकसान पहुंचाया.

ये भी पढ़ें: अवैध शराब के खिलाफ सिमडेगा पुलिस का अभियान तेज, छापेमारी के दौरान शराब छोड़कर भागीं महिलाएं

हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय

रात में हाथी ने लकड़ाचट्टा चर्च का दरवाजा तोड़ दिया और वहां रखे अनाज को भी खा लिया. आबादी वाले इलाकों में हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है. वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है. विभाग ने ग्रामीणों से हाथी से सुरक्षित दूरी बनाये रखने और उसके आसपास भीड़ नहीं लगाने की अपील की है. लोगों को हाथी को उकसाने या उसके रास्ते में किसी तरह की बाधा डालने से बचने और विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.