समाचार · मध्य प्रदेश
NCC एडमिशन के बदले छात्रा से शारीरिक संबंध बनाने कहा:मोबाइल पर मैसेज भेजे, बालाघाट के बैहर कॉलेज का असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार
बालाघाट जिले के बैहर स्थित सरकारी अरण्य भारती कॉलेज में एनसीसी में एडमिशन के बदले छात्रा से शारीरिक संबंध बनाने की मांग की गई, आरोपी प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र सिंह कुशराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने प्रोफेसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोपी डॉ. राजेंद्र सिंह कुशराम कॉलेज में जूलॉजी के सहायक प्राध्यापक होने के साथ-साथ एनसीसी प्रभारी भी थे। पीड़िता छात्रा ने गुरुवार रात बैहर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि एनसीसी में सीट खाली न होने पर एडमिशन दिलाने के एवज में प्रोफेसर ने मोबाइल पर मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध की मांग की। छात्रा के पुलिस को दिए गए सबूतों और वॉइस रिकॉर्डिंग की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद बैहर पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने खारिज की जमानत, विभाग ने किया सस्पेंड बैहर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सहायक जिला अभियोजन अधिकारी नारायण धुर्वे ने बताया कि आरोपी की ओर से न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शिवानी असाटी की कोर्ट में जमानत याचिका लगाई गई थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। वहीं, शनिवार को उच्च शिक्षा विभाग के उपसचिव एल.के. खरे ने प्रोफेसर डॉ. कुशराम के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। सस्पेंशन की अवधि में उनका मुख्यालय क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा कार्यालय, जबलपुर तय किया गया है।